आरंग: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुल्लू में ‘शाला प्रवेशोत्सव’ बेहद हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। शाला परिवार एवं शाला प्रबंधन समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया और शिक्षा के प्रति उनका उत्साहवर्धन किया।

बेटियों को मिली साइकिल, मंत्री ने खुद पैडल मारकर बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार की ‘सरस्वती साइकिल योजना’ के तहत छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरण किया गया। इस मौके पर माहौल तब और भी खुशनुमा हो गया जब खुद मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने साइकिल चलाकर छात्राओं का हौसला बढ़ाया। उन्होंने संदेश दिया कि शिक्षा की राह में आने वाली हर दूरी को बेटियाँ इसी रफ्तार से पार करेंगी। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।

विद्यार्थियों से संवाद: एआई और भविष्य के ‘गोल’ पर चर्चा
मंत्री ने केवल औपचारिकता नहीं निभाई, बल्कि वे सीधे विद्यार्थियों के बीच पहुंचे और उनसे खुलकर बात की। उन्होंने बच्चों से उनके जीवन के ‘गोल’ (लक्ष्य) पूछे, जिस पर छात्राओं ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने-अपने लक्ष्यों को साझा किया।विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि आज का युग तकनीक का है। उन्होंने बच्चों को एआई (AI) और चैटजीपीटी (ChatGPT) के सकारात्मक व क्रियात्मक उपयोग की महत्वपूर्ण जानकारी देकर मोटिवेट किया। उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत संकल्प’ तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन के प्रति समर्पित बताया। इस दौरान निःशुल्क पुस्तक वितरण और वृक्षारोपण कर हरे-भरे छत्तीसगढ़ का संदेश भी दिया गया।

शत-प्रतिशत रहा विद्यालय का परीक्षा परिणाम
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष देवनाथ साहू ने की और विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता के.के. भारद्वाज एवं गणेश साहू उपस्थित रहे।प्रभारी प्राचार्य माणिक लाल मिश्रा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत कर शालेय प्रतिवेदन का वाचन किया। उन्होंने बताया कि इस विद्यालय का बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम शत-प्रतिशत (100%) रहा है। इसी दौरान शाला प्रबंधन विकास समिति के अध्यक्ष अशोक यादव ने विद्यालय में आहाता निर्माण व अतिरिक्त कक्ष की मांग को लेकर एक मांग पत्र सौंपा। विधायक प्रतिनिधि रेवाराम साहू ने भी शालेय उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर शाला विकास समिति के सदस्य ललिता बंजारे, भोलाराम निर्मलकर, परमेश्वर धीवर, मंशाराम बंजारे, तोमिन साहू सहित जनप्रतिनिधि उपसरपंच योगेश्वर साहू, भुनेश्वर साहू, अमित पटेल, नेमीचंद पटेल, जगदीश धीवर, पुष्पा यादव, अरविंद टंडन, खेमाराम धीवर, संतोष साहू, शीतल बंजारे एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन प्रधानपाठक (गुखेरा) अरविंद वैष्णव ने किया और आभार प्रदर्शन शाला विकास समिति के रेवाराम साहू ने किया। इस दौरान शाला परिवार से खेमलाल ठाकुर, श्रद्धाकिरण नेताम, श्वेता मिश्रा, प्रकाश चंद साहू, द्वारिका दीवान, लोकेश तूरकाने, के.एन. देवांगन, खोमन निषाद, प्रमिला मेश्राम, सुमन धुरंधर, आर.बी. भारती, हेमलता नायक, डाली चंद्राकर सहित सभी शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सबका मन मोह लिया।

