विकासखंड स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में सेवानिवृत्त एवं उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ बहुमान; सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

आरंग: विकासखंड शिक्षा विभाग आरंग के सौजन्य से सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल (नवागांव) के सांस्कृतिक सभागार में भव्य ‘विकासखंड स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब उपस्थित रहे। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों, सेवानिवृत्त शिक्षकों, उत्कृष्ट प्राचार्यों, प्रधान पाठकों, स्काउट शिक्षकों तथा पीएलसी सदस्यों को शाल, श्रीफल, प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने संकुल समन्वयकों को परिचय पत्र वितरित किए।

शिक्षा के विकास और शिक्षकों के सम्मान के लिए सरकार समर्पित

समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र के निर्माता हैं और गुरु के बिना समाज को कभी सही मार्गदर्शन नहीं मिल सकता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा के निरंतर विकास और शिक्षकों के सम्मान व गरिमा को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने आरंग विकासखंड की शैक्षणिक उपलब्धियों की खुले दिल से सराहना की।

रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह के दौरान परसदा, गोढ़ी, चंदखुरी, आरंग और भानसोज के स्कूली विद्यार्थियों ने पंथी नृत्य, गुरु वंदना, योगा नृत्य एवं बस्तरिया नृत्य जैसे आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

शिक्षकों के प्रयासों से आरंग जिले में सर्वोच्च स्थान पर: बीईओ दिनेश शर्मा

कार्यक्रम में बीईओ दिनेश शर्मा ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए शिक्षकों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के नवाचारी और उत्कृष्ट प्रयासों के बल पर ही आरंग विकासखंड परीक्षा परिणामों में पूरे जिले में सर्वोच्च स्थान पर बना हुआ है। उन्होंने इस अवसर पर एक प्रेरणादायी गीत भी प्रस्तुत किया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, जिला पंचायत सभापति गुरु सौरभ साहेब, नगरपालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, मंडल अध्यक्ष टेसवन बघेल, समोदा नगर पंचायत अध्यक्ष छोटेलाल सोनकर, जनपद उपाध्यक्ष रविंद्र रिंकू चंद्राकर, जनपद सभापति लुकेश साहू, के. के. भारद्वाज, जनपद सीईओ, नायब तहसीलदार नीलम ठाकुर, ग्रेट इंडिया स्कूल के संचालक सिद्धार्थ सिंह, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लाखेश्वर रात्रे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन अरविंद वैष्णव एवं अभिलाषा शुक्ला ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन विकासखंड स्रोत समन्वयक सुरेंद्र सिंह चंद्रसेन ने किया। समारोह में ब्लॉक क्रीड़ा अधिकारी राकेश प्रधान, ब्लॉक स्काउट प्रभारी रोहित वर्मा, अपर्णा तिवारी, समस्त संकुल समन्वयक एवं 400 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!