एक ही परिसर में अलग-अलग समय सारिणी से अव्यवस्था, पूर्ववत सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक संचालन का आग्रह।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन (आरंग इकाई) द्वारा शनिवार को स्कूलों के संचालन समय में किए गए बदलाव के विरोध में आज जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर को (विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी आरंग दिनेश शर्मा के माध्यम से) एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया। फेडरेशन ने मांग की है कि शनिवार को हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों का समय सुबह 10:00 बजे से दोपहर 4:00 बजे के स्थान पर पूर्व की भांति सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक किया जाए।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व में छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग के आदेशानुसार सभी स्कूलों का संचालन शनिवार को एक पाली में सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक सुचारू रूप से किया जा रहा था। किंतु शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एनसीईआरटी (NCERT) द्वारा जारी नई समय-सारिणी में हाई और हायर सेकेंडरी शालाओं का समय शनिवार को भी पूर्ण दिवस यानी सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक निर्धारित कर दिया गया है, जिससे व्यावहारिक स्तर पर गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
ज्ञापन में मुख्य रूप से समस्याओं को रेखांकित किया गया है जिनमें:
युक्तियुक्तकरण से उत्पन्न विसंगति: शासन की युक्तियुक्तकरण नीति के अंतर्गत एक ही परिसर में संचालित प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों को एक साथ मर्ज किया गया है। वर्तमान समय-सारिणी के अनुसार प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्कूल शनिवार को सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक चलेंगे, जबकि उसी परिसर के हाई व हायर सेकेंडरी स्कूल सुबह 10:00 से शाम 4:00 बजे तक संचालित होंगे। एक ही परिसर में दो अलग-अलग समय होने से संस्था प्रमुखों को स्कूल संचालन और प्रशासनिक व्यवस्था बनाने में भारी कठिनाई हो रही है।
योग एवं व्यायाम गतिविधियां प्रभावित: शनिवार के दिन सुबह के ठंडे और शांत वातावरण में व्यायाम शिक्षकों द्वारा छात्रों को योग, पीटी और खेलकूद की गतिविधियां कराई जाती हैं। धूप तेज होने के कारण सुबह 10:00 बजे स्कूल लगने से ये बेहद जरूरी शारीरिक विकास की गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित हो रही हैं।
फेडरेशन के आरंग संयोजक माणिक लाल मिश्रा ने कहा कि इन विसंगतियों के कारण न केवल शिक्षकों को बल्कि दूर-दराज से आने वाले छात्र-छात्राओं को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। फेडरेशन ने जिला शिक्षा अधिकारी से त्वरित हस्तक्षेप की मांग करते हुए आग्रह किया है कि छात्र और शिक्षक हित को ध्यान में रखते हुए शनिवार को शाला संचालन का समय तत्काल प्रभाव से पूर्ववत (प्रातः 7:30 से 11:30 बजे) करने हेतु आवश्यक आदेश जारी किए जाएं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान केशव कुमार डहरिया,पीताम्बर दास मानिकपूरी,धनेश बघेल, शैलेन्द्र शुक्ल उपस्थित रहे।

