गांधी इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल (GEMS), आरंग ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर समाज सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी एक नई पहल की शुरुआत की है। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान प्राचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने दोनों महान विभूतियों के आदर्शों और विचारों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया।

रक्तदान शिविर: 13 लोगों ने किया रक्तदान

मानव सेवा का संदेश देने के उद्देश्य से विद्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 10 शिक्षकों, 2 अभिभावकों और 1 विद्यार्थी ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।

 रक्तदाता शिक्षक: दीक्षा चौबे, भावना कोटकर, गोपाल शुक्ला, सुरेखा नागपुरे, भुनेश्वरी सोनकर, रामेश्वर पांडेय, प्रतीक्षा शर्मा, मधु महानंदा, अजीत शर्मा एवं सत्येन्द्र त्रिपाठी।

अभिभावक व विद्यार्थी: अभिभावक चंचल धुरंधर व शशिकांत लोखंडे तथा विद्यार्थी पृथ्वी राज साहू ने भी रक्तदान कर लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया।

पौधरोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विद्यालय परिसर एवं आसपास के उपयुक्त स्थानों पर पौधरोपण किया गया। केवल पौधे लगाने तक ही सीमित न रहकर शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उनके नियमित पालन-पोषण और संरक्षण की जिम्मेदारी भी उठाई।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मार्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान

‘स्वच्छ भारत अभियान’ के तहत शिक्षकों और विद्यार्थियों की टीम ने आरंग स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य मार्ग और आसपास के परिसर में सफाई अभियान चलाया। जमा कचरे का सही तरीके से निपटारा किया गया और स्थानीय लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।

इस मौके पर विद्यालय के प्राचार्य हरेश कुमार दास ने कहा कि “हमारा उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना है। बापू ने स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा माना और शास्त्री जी ने सादगी व कर्तव्यनिष्ठा की सीख दी। उनकी जयंती पर यह पहल विद्यार्थियों को उनके विचारों से सीधे जोड़ती है।”

अब हर माह चलेगा सामुदायिक सफाई अभियान

विद्यालय की इस नई कार्ययोजना के तहत अब हर महीने आरंग शहर के अलग-अलग हिस्सों को चिन्हित कर सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!