रायपुर ग्रामीण पुलिस अवैध शराब कारोबारियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कड़ा रुख अपनाए हुए है। ताजा मामले में मंदिर हसौद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 शराब तस्करों को 100 पौवा देशी शराब और नगदी के साथ गिरफ्तार किया। साथ ही आबकारी व प्रतिबंधात्मक धाराओं में 6 अन्य लोगों पर शिकंजा कसा। हालांकि, पुलिस की इस मुस्तैदी ने जिले के आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली और नीयत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब क्षेत्र में पुलिस लगातार अवैध शराब की खेप पकड़ रही है, तब आबकारी विभाग का अमला क्या कर रहा है..?
45 दिनों के आंकड़े बयां कर रहे आबकारी विभाग की निष्क्रियता
रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के महज तीन थाना क्षेत्रों—आरंग, मंदिर हसौद और खरोरा—में बीते 45 दिनों में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई यह साबित करने के लिए काफी है कि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार किस कदर फल-फूल रहा है:
आरंग थाना: 45 दिनों में आबकारी एक्ट के तहत 26 मामले दर्ज, 35 आरोपियों पर कार्रवाई और 675 पौवा अवैध शराब जब्त।
मंदिर हसौद थाना: 26 प्रकरण दर्ज, 26 आरोपियों पर गाज और 423 पौवा शराब बरामद।
खरोरा थाना: 26 केस दर्ज कर 513 पौवा अवैध शराब जब्त।
केवल तीन थानों की पुलिस ने मिलकर डेढ़ महीने में 1,600 से अधिक पौवा अवैध शराब पकड़ी है। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि जिस विभाग का मुख्य काम ही आबकारी अपराधों को रोकना है, उसकी नाक के नीचे यह अवैध कारोबार कैसे चल रहा है..?
सरकारी दुकानों से ही हो रही तस्करी, मिलीभगत की आशंका

क्षेत्र की सरकारी शराब दुकानों के कर्मचारी ही कोचियों को धड़ल्ले से बड़ी मात्रा में शराब की आपूर्ति कर रहे हैं। रविवार रात आरंग पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई ने इस खेल को उजागर कर दिया, जिसमें गुल्लू शराब दुकान के सुपरवाइजर, सेल्समैन, मल्टी-वर्कर और एक संकुल समन्वयक शिक्षक समेत 7 लोगों को शराब तस्करी करते रंगे हाथ पकड़ा गया। जब सरकारी शराब दुकानों के कर्मचारी खुद तस्कर बन चुके हैं, तब जिम्मेदार आबकारी अधिकारियों की मौन सहमति और मिलीभगत से इंकार नहीं किया जा सकता।
ताजा कार्रवाई: मंदिर हसौद में 3 तस्कर गिरफ्तार, 6 अन्य पर कानूनी शिकंजा

14 सितंबर को मंदिर हसौद पुलिस ने अभियान चलाकर अलग-अलग स्थानों से तीन तस्करों को रंगे हाथ दबोचा:
मुकेश यादव (37 वर्ष) — एच.पी. पेट्रोल पंप ओवरब्रिज के पास से 33 पौवा शराब व ₹520 नगद के साथ गिरफ्तार (अपराध क्र. 439/26)।
ज्ञानचंद उर्फ मनोज प्रजापति (26 वर्ष) — जुगेसर मोड़ के पास से 32 पौवा शराब व ₹890 नगद के साथ गिरफ्तार (अपराध क्र. 440/26)।
भेदू राम चतुर्वेदी (42 वर्ष) — चंदखुरी बस्ती से 35 पौवा शराब व ₹750 नगद के साथ गिरफ्तार (अपराध क्र. 441/26)।
पुलिस ने कुल 100 पौवा देशी शराब और ₹2,160 नगदी (कुल मशरुका ₹12,160) जब्त किया। इसके अलावा, धारा 36(सी) के तहत शिवमंगल वर्मा और खोरबाहारा गेंडरे पर मामला दर्ज किया गया, जबकि शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु मोहन धीवर, देवनाथ धीवर, अर्जुन धीवर और दीपेश धृतलहरे के खिलाफ बीएनएसएस (BNSS) की प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
रायपुर ग्रामीण पुलिस का साफ संदेश है कि क्षेत्र में नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा, लेकिन अब देखना यह होगा कि कटघरे में खड़ा आबकारी विभाग अपनी नींद से कब जागता है।

