ग्राम जरौद (उमरिया) में ‘जय माँ कर्मा समिति’ के तत्वावधान में गंगा साहू कृत लोक बयार सांस्कृतिक दल द्वारा जगराते का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रवासियों ने पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने शिरकत की। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास को गति देते हुए 20 लाख रुपये की दो प्रमुख विकास सौगातों का ऐलान किया, जिससे पूरे गांव में हर्षोल्लास का माहौल है। रात्रि के समय आयोजित इस जगराते में दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता के भजनों का आनंद लिया। देर रात तक पूरा पंडाल देवी गीतों और जयकारों से गूंजता रहा, और श्रद्धालु भक्तिभाव में सराबोर नजर आए।

 

जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, एकजुटता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं, जिससे गांव में सुख-समृद्धि और शांति का वातावरण बनता है। ग्रामीणों और साहू समाज की मांग को प्राथमिकता देते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने मंच से दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की:साहू समाज भवन (₹10 लाख): समाज की विभिन्न बैठकों, आयोजनों और गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। दूसरा सीसी रोड निर्माण (₹10 लाख): गांव की आंतरिक बुनियादी और आवागमन की सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए 10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड बनाने की घोषणा की गई।

मेधावी छात्र और वरिष्ठ नागरिक सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले स्थानीय मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही गांव के वरिष्ठ नागरिकों का भी मुख्य अतिथि के हाथों शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर विशेष सम्मान किया गया। इस अवसर पर ‘जय माँ कर्मा समिति’ के सभी पदाधिकारी, साहू समाज के प्रमुख प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!