‘न्योता भोज’ के साथ विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सेवा भावना का संकल्प
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खौली में विविध गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, स्वच्छता के प्रति जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना था।
प्राचार्य पंचराम साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर की सफाई करते हुए पर्यावरण संरक्षण और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में दिखा उत्साह
अभियान के दौरान विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रभारी निर्मला पांडेय, श्रीमती संगीता पैकरा और श्री केदार साहू का विशेष मार्गदर्शन रहा।
न्योता भोज से दिया सामूहिकता का संदेश

इस अवसर पर शासकीय मिडिल स्कूल खौली के प्रधान पाठक द्वारा ‘न्योता भोज’ का विशेष आयोजन कराया गया। इसमें विद्यार्थियों और उपस्थित अतिथियों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। इस पहल के माध्यम से बच्चों में सामूहिकता, आपसी सहयोग और सद्भाव की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
अतिथियों और शिक्षकों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में शाला विकास समिति के अध्यक्ष शिव कुमार चंद्राकर एवं सेवानिवृत्त शिक्षक के.के. चंद्राकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वच्छता व सामाजिक जिम्मेदारियों से लगातार जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं में सुनीता मंद्रे, गीतांजलि अवस्थी, पूजा साहू, जयश्री, दिलीप यादव, डॉ. माधुरी गुप्ता, ऋतभरा चंद्राकर, तीज चंदेल, गीता बैरागी, इंद्र कुमार कोसले, सुपेत कुमार साहू, विद्यासागर वर्मा, मेष राम साहू, यश कुमार साहू, उगेश कुमार साहू, सपना बढ़ोदिया, सरिता तिवारी, विनिता देव एवं रश्मि शुक्ला सहित पूरा विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

