“प्रोजेक्ट आओ बाँटें खुशियाँ” के तहत अधिकारियों की अनोखी पहल
नायब तहसीलदार ने बच्चों के साथ काटा केक, दिए उज्ज्वल भविष्य के टिप्स
आरंग:रायपुर जिले में “प्रोजेक्ट आओ बाँटें खुशियाँ” अभियान के तहत अपने व्यक्तिगत विशेष अवसरों को समाज के संग मनाने की एक सुंदर परंपरा आकार ले रही है। इसी कड़ी में शासकीय नवीन प्राथमिक शाला समोदा में उस वक्त बेहद आत्मीय और उत्सव जैसा माहौल बन गया, जब समोदा के नायब तहसीलदार टोमन कुमार मनहरे अपना जन्मदिन मनाने स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों के बीच पहुंचे। अपने बीच एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी को पाकर स्कूली बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
सादगीपूर्ण माहौल में काटा केक, बांटी अध्ययन सामग्री
नायब तहसीलदार टोमन कुमार मनहरे ने अत्यंत सादगीपूर्ण वातावरण में बच्चों के साथ मिलकर अपने जन्मदिन का केक काटा और खुशियां साझी कीं। इस विशेष अवसर पर उन्होंने विद्यालय के सभी बच्चों को स्वल्पाहार कराया तथा उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अध्ययन सामग्री के रूप में पेन और कॉपी उपहार स्वरूप भेंट की।
बच्चों को दी मन लगाकर पढ़ने की प्रेरणा
कार्यक्रम के दौरान नायब तहसीलदार ने बच्चों से सीधा और सहज संवाद स्थापित किया। उन्होंने बच्चों को अनुशासित रहकर मन लगाकर पढ़ाई करने तथा जीवन में नए आयाम स्थापित कर उच्च पदों को हासिल करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने सभी नन्हे-मुन्नों के उज्ज्वल और सफल भविष्य की कामना करते हुए अपना स्नेह व आशीर्वाद दिया।
शिक्षकों और बच्चों ने जताया आभार
नायब तहसीलदार की इस सहृदयता और संवेदनशील पहल के लिए विद्यालय परिवार, शिक्षकों और बच्चों ने उन्हें सहर्ष जन्मदिन की बधाई व शुभकामनाएं दीं और उनके प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में जारी है अभियान
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशों और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के कुशल मार्गदर्शन में संचालित “प्रोजेक्ट आओ बाँटें खुशियाँ” का मुख्य उद्देश्य शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी व्यक्तिगत खुशियाँ समाज के सबसे मासूम और कोमल वर्ग यानी बच्चों के साथ साझा करने के लिए प्रेरित करना है, ताकि प्रशासनिक संवेदनशीलता का एक सकारात्मक संदेश समाज तक पहुंचे।

