राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के पीछे (बरोदा मार्ग) प्रेमिका पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने वाले सनकी प्रेमी वीरू धीवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों में लिफ्ट मांगकर भागने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, पुलिस टीमों की मुस्तैदी के चलते उसे आरंग क्षेत्र के ग्राम तामासिवनी के पास घेरकर पकड़ लिया गया।

उल्लेखनीय है कि ग्राम मोखला (आरंग) निवासी आरोपी वीरू धीवर और मृतका राजकुमारी साहू के बीच पिछले 5 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला अपने पति और परिवार को छोड़कर आरोपी के साथ रह रही थी। घटना वाले दिन किसी बात को लेकर हुए तीखे विवाद के बाद आरोपी ने महिला पर पेट्रोल उड़ेलकर माचिस दिखा दी थी। गंभीर रूप से झुलसी महिला को पुलिस की मदद से मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के बाद से ही रायपुर ग्रामीण पुलिस ने सभी आसपास के थानों को अलर्ट पर रखा था और आरोपी की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया था। आरंग थाना प्रभारी नरेश कुमार साहू के नेतृत्व में डायल 112 में तैनात आरक्षक कोमल साहू और सैनिक दुर्गेश चंद्राकर ने तामासिवनी के पास आरोपी की मौजूदगी की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की। आरोपी लगातार वाहनों से लिफ्ट लेकर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से वह गिरफ्त में आ गया।आरोपी वीरू धीवर का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से हिंसक रहा है। लगभग 5 साल पहले भी इसी प्रेम प्रसंग के विवाद में उस पर प्रेमिका की सास पर फावड़े से जानलेवा हमला (धारा 307) करने का मामला दर्ज हुआ था। फिलहाल माना पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।इस पूरे मामले पर पुलिस शाम 7:30 बजे सीएसपी कार्यालय माना में खुलासा करेगी।

