आरंग: आरंग में श्री हरदेव लोधी समाज द्वारा प्रथम महिला स्वतंत्रता सेनानी, अमर शहीद वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी का जन्मोत्सव अत्यंत उत्साह, गरिमा और भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के पदाधिकारियों एवं प्रबुद्ध सदस्यों द्वारा वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात दिनभर विभिन्न सामाजिक, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
रक्तदान शिविर व नि:शुल्क दंत चिकित्सा का आयोजन

सामाजिक सरोकार को सर्वोपरि रखते हुए युवा प्रकोष्ठ और सहारा ब्लड बैंक रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल रक्तदान शिविर तथा दंत चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। रक्तदान शिविर में समाज के 32 ‘रक्तवीरों’ ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। समाज की ओर से सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र के साथ-साथ सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए हेलमेट और रेनकोट भेंट कर सम्मानित किया गया।

जनप्रतिनिधियों का सम्मान और जिला पंचायत सदस्य की बड़ी घोषणा

समारोह के दौरान समाज के विकास और जनकल्याणकारी कार्यों में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों का विशेष नागरिक अभिनंदन किया गया। ग्राम कलई में बोरवेल की सुविधा उपलब्ध कराने पर जिला पंचायत सदस्य वतन चंद्राकर का समाज द्वारा विशेष सम्मान किया गया। इस सम्मान से अभिभूत होकर वतन चंद्राकर ने मंच से समाज के हित में एक बड़ी घोषणा करते हुए अपने जिला पंचायत क्षेत्र में सामाजिक विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने का ऐलान किया। इसके साथ ही आरंग नगर पालिका के पार्षद नरेंद्र लोधी, संतोष लोधी, ईश्वर पटेल तथा ग्राम पंचायत कलई के सरपंच ओमप्रकाश लोधी को भी उनकी उत्कृष्ट जनसेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
विचार गोष्ठी: कुरीतियों के उन्मूलन और नारी सशक्तिकरण पर बल

मंचीय कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विचार गोष्ठी में समाज के प्रबुद्ध वक्ताओं ने सामाजिक सुधारों पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने समाज से कुरीतियों को समाप्त करने, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, नारी सशक्तिकरण और युवाओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया।
मेधावी विद्यार्थियों हुआ का सम्मान

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के होनहार छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया गया। शैक्षणिक सत्र में कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक एवं स्नातकोत्तर की परीक्षाओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति में प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रायपुर लोधी समाज के पदाधिकारियों ने भी विशेष रूप से शिरकत की और आरंग लोधी समाज के इस आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
ऐतिहासिक शोभायात्रा और भव्य स्वागत

मंचीय कार्यक्रम के समापन के पश्चात नगर में एक भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में पारंपरिक परिधानों में सजी सैकड़ों महिलाओं और बालिकाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर सहभागिता की।हजारों की संख्या में उमड़े महिला, पुरुष और युवा वर्ग की अनुशासित उपस्थिति ने सामाजिक एकजुटता और अखंडता का शक्तिशाली संदेश दिया।

पुष्प वर्षा से स्वागत: यह ऐतिहासिक शोभायात्रा नगर के प्रमुख चौक-चौराहों से होकर गुजरी।बस स्टैंड पहुंचने पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं द्वारा शोभायात्रा पर जोरदार पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया गया। शोभायात्रा के बाद अंत में सामाजिक भोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इकाई क्रमांक 10 द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुई महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी,ग्राम पाली में सामाजिक भवन निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन

हरदेव लोधी समाज के इकाई क्रमांक 10 जिला महासमुंद द्वारा अमर शहीद वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी का जन्मोत्सव भव्य रूप में मनाया गया। श्री हरदेव लोधी समाज के सदस्यों ने ग्राम कस्तूरबोड से विभिन्न ग्रामों से होते हुए विशाल शोभायात्रा निकाल कर ग्राम पंचायत पाली तक रैली निकाल कर सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। ग्राम पंचायत पाली में हुए जयंती एवं भूमिपूजन के अवसर में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के सांसद रूपकुमारी चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रही जिसमें रूपकुमारी चौधरी के द्वारा सामुदायिक भवन का भूमिपूजन कर उपस्थित सामाजिक जनों को संबोधित किया। इस अवसर में हरदेव लोधी समाज इकाई क्रमांक 10 द्वारा समस्त अतिथियों को अमर शहीद वीरांगना अवंती बाई लोधी का प्रतीक चिन्ह एवं श्रीफल से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सफल और ऐतिहासिक आयोजन पर श्री हरदेव लोधी समाज के अध्यक्ष शैलेंद्र लोधी ने समाज के सभी पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, महिला एवं युवा प्रकोष्ठ के सदस्यों, प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सहयोगियों, चिकित्सकों, रक्तदाताओं तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया।

