राजनांदगांव: रक्षाबंधन और तीज का त्योहार जहां खुशियां लेकर आया था, वहीं ग्राम गहिराभेड़ी के एक परिवार के लिए यह कभी न भूलने वाला काल बन गया। छुरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर मंगलवार शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन सगे भाई-बहनों समेत कुल 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार को जब एक ही घर से तीन अर्थियां एक साथ निकलीं, तो पूरा गांव फफक-फफक कर रो पड़ा।

त्योहार की खरीदारी कर लौट रहे थे घर

ग्राम गहिराभेड़ी निवासी संदीप साहू (19) अपनी दो शादीशुदा बहनों—भारती साहू उर्फ भूपेश्वरी (23) और टिकेश्वरी साहू उर्फ डीकेश्वरी (25) के साथ बाइक से छुरिया बाजार त्योहार की खरीदारी करने गया था। दोनों बहनें त्योहार मनाने अपने मायके आई हुई थीं। शाम करीब 7 बजे जब तीनों खुशियों के साथ घर लौट रहे थे, तभी नहर के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गईं सांसें

टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में संदीप और उसकी बहन भारती की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल टिकेश्वरी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद अनियंत्रित होकर खेत में पलटी स्कॉर्पियो में सवार भोलापुर निवासी बुजुर्ग कमल बंजारे (65) भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी बाद में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।

अंधेरे और तेज रफ्तार ने छीनीं जिंदगियां

हादसे का मुख्य कारण सड़क पर अंधेरा और वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार को माना जा रहा है। सूचना मिलते ही छुरिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

गांव में नहीं जले चूल्हे, उमड़ा जनसैलाब

बुधवार को जब तीनों भाई-बहनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया, तो पूरे गांव में मातम छा गया और किसी के घर चूल्हा तक नहीं जला। इस दुखद घड़ी में खुज्जी विधायक भोलाराम साहू और पूर्व विधायक छन्नी साहू भी पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। सगे भाई-बहनों की इस असमय विदाई ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!