आरंग: आरंग में नेशनल हाईवे 53 पर आज तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। महासमुंद की तरफ से टमाटर लेकर रायपुर की ओर जा रही एक माज़दा गाड़ी को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि माज़दा गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर केबिन में ही फंस गया।

यह घटना नेशनल हाईवे 53 पर ओंकार हॉस्पिटल के पास हुई। टक्कर के बाद अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। डायल 112 में तैनात पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल बचाव कार्य शुरू किया।

चूंकि ड्राइवर केबिन बुरी तरह से पिचक गया था और ड्राइवर उसमें बुरी तरह फंसा हुआ था उसे निकालने के लिए कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने कटर से केबिन को काटकर घायल ड्राइवर को बाहर निकाला।घायल ड्राइवर की पहचान प्रदीप सिंह के रूप में हुई है जो सोनीपत हरियाणा का रहने वाला है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसे में ड्राइवर का पैर फ्रैक्चर हो गया है। उसे तत्काल आरंग के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। टक्कर के कारण गाड़ी में लदे टमाटर सड़क पर बिखर गए।

हादसे के बाद नेशनल हाईवे 53 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से सड़क से किनारे हटवाकर यातायात सुचारू कराया। फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करता है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क नियमों का पालन करें और सुरक्षित रूप से वाहन चलाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!