जिले के आरंग, मंदिर हसौद तथा आसपास के क्षेत्रों में खनिजों के अवैध परिवहन पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने सख्त रुख अपनाया है। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार एवं उप संचालक (खनिज प्रशासन) राजेश मालवे के निर्देशों के तहत खनिज विभाग द्वारा चलाए गए चेकिंग अभियान में अवैध परिवहन करते 10 भारी वाहनों (हाइवा) को रंगे हाथों पकड़ा गया। सहायक खनिजअधिकारी उमेश भार्गव के मार्गदर्शन एवं सुपरवाइजर सुनील दत्त शर्मा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने जिले के विभिन्न मार्गों पर औचक दबिश दी। इस दौरान दस्तावेजों की जांच में कमियां और अवैध परिवहन पाए जाने पर रेत के 07 हाइवा, गिट्टी के 02 हाइवा और मुरुम का 01 हाइवा जप्त किया गया।
जब्त किए गए सभी 10 वाहनों को आगामी वैधानिक कानूनी कार्रवाई के लिए उपरवारा, आरंग और मंदिर हसौद के सुपुर्दगी स्थलों / थानों की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में सैनिक रूपेंद्र चंद्राकर, जितेन्द्र वर्मा और केदार वर्मा की सक्रिय एवं विशेष भूमिका रही। अधिकारियों का कहना है कि अवैध उत्खनन व परिवहन के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

