आरंग: छत्तीसगढ़ सरकार की अतिमहत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना’ के अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में सृजन सोनकर विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित की है। विद्यालय के 4 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों—लुवीना चंद्राकर, मधु साहू, रोहन कोसरिया और समर सोनवानी का चयन कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए हुआ है।राज्य स्तर पर आयोजित इस कठिन प्रतिस्पर्धी परीक्षा की मेरिट सूची में स्थान बनाकर इन बच्चों ने न केवल अपने माता-पिता बल्कि पूरे विद्यालय परिवार और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
चयनित विद्यार्थियों का विवरण
लुवीना चंद्राकर (पिता: श्री कामदेव चंद्राकर)
मधु साहू (पिता: श्री गनेश्वर साहू)
रोहन कोसरिया (पिता: श्री राजकुमार कोसरिया)
समर सोनवानी (पिता: श्री विमल चंद सोनवानी)
नवोदय के साथ ‘प्रयास’ की भी सशक्त तैयारी
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि सृजन सोनकर विद्या मंदिर न केवल नवोदय चयन परीक्षा बल्कि ‘प्रयास’ जैसी राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी विद्यार्थियों को विशेष रूप से तैयार करता है। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में नींव से ही प्रतियोगी परीक्षाओं का दृष्टिकोण विकसित करना है। कक्षा आठवीं के सभी विषय-शिक्षकों ने मार्गदर्शन में अहम भूमिका निभाई।
मेडिकल व इंजीनियरिंग की तैयारी का मिलता है अवसर
उल्लेखनीय है कि जुलाई 2010 से प्रारंभ प्रयास आवासीय विद्यालयों का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करना है। यहाँ कक्षा 9वीं से 12वीं तक की स्कूली शिक्षा के साथ-साथ देश की प्रतिष्ठित मेडिकल (NEET) एवं इंजीनियरिंग (JEE) प्रवेश परीक्षाओं की सघन तैयारी कराई जाती है।
विद्यालय परिवार ने दी बधाइयां
विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय में हर्षोल्लास का माहौल है। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती यशोदा योगी, समस्त शिक्षक वृंद तथा प्रबंध समिति के समस्त पदाधिकारी गण ने चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

