आरंग: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आरंग विधानसभा क्षेत्र का बहुप्रतीक्षित दौरा अब 9 जुलाई को सुनिश्चित हो गया है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नगर पंचायत समोदा में तैयारियां जोरों पर हैं और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी इस समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की।

तैयारियों को अंतिम रूप, अधिकारियों को दिए निर्देश
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम में आने वाली आम जनता की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। पूर्व में अपरिहार्य कारणों से 6 जुलाई को प्रस्तावित मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थगित हो गया था, जिसके बाद से अब प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ 9 जुलाई के कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा है।

विकास कार्यों की मिलेगी सौगात
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आरंग विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। समोदा में आयोजित इस मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम जनता की भागीदारी अपेक्षित है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने जनसैलाब को देखते हुए सुरक्षा और बैठक व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए हैं।
दिग्गज नेताओं की रहेगी मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्य भी मंच साझा करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, श्यामबिहारी जायसवाल,टंकराम वर्मा,रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई बड़ी हस्ती इस बड़े आयोजन में शामिल होंगे।
बड़ी घोषणाओं की उम्मीद से उत्साहित क्षेत्रवासी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आगमन को लेकर आरंग क्षेत्र में राजनीतिक गलियारों से लेकर आम जनता के बीच काफी चर्चा है। लोगों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री इस अवसर पर आरंग क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए कई बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं, जो क्षेत्र की तस्वीर बदलने में सहायक होंगी।

