आरंग व्यापारी संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक नए विश्राम गृह, आरंग में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित सभी व्यापारियों ने सर्वसम्मति से व्यापारिक हितों और नगर की व्यवस्था में सुधार के लिए कई ऐतिहासिक और बड़े निर्णय लिए।

बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए आरंग व्यापारी संघ के अध्यक्ष सूरज शर्मा ने बताया कि सभा में कुल सात प्रमुख प्रस्ताव रखे गए थे। इन सभी विषयों पर क्रमवार विस्तार से चर्चा की गई और उपस्थित सदस्यों की सर्वसम्मति से महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में लिए गए 7 प्रमुख निर्णय:

1. व्यापक सदस्यता अभियान: नगर के प्रत्येक छोटे-बड़े व्यापारी को संघ से जोड़ा जाएगा और उन्हें सदस्यता प्रदान की जाएगी।

2. सदस्यता प्रमाणपत्र: संघ से जुड़ने वाले सभी व्यापारी भाइयों को आधिकारिक ‘सदस्यता प्रमाणपत्र’ दिया जाएगा।

3. संघ का पंजीयन: व्यापारी संघ को कानूनी और प्रशासनिक रूप से मजबूत बनाने के लिए इसका औपचारिक रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा।

4. बैंक खाता खोलना: संघ के वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एक आधिकारिक बैंक खाता खुलवाया जाएगा।

5. भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक: नगर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और दुर्घटनाओं से बचाव के लिए शहर में भारी वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने की मांग की जाएगी।

6. बुधवार को पूर्ण विश्राम (साप्ताहिक अवकाश): व्यापारिक व्यवस्था में सुधार लाने के लिए प्रति बुधवार को बाजार में पूर्ण विश्राम रहेगा। इससे व्यापारियों और दुकान में कार्यरत कर्मचारियों को राहत मिलेगी, जिससे वे नई ऊर्जा के साथ पुनः व्यापार कर सकेंगे।

7. त्योहारों पर विशेष सूचना: पर्व-त्योहारों के अवसर पर बाजार खोलने या बंद रखने के संबंध में संघ द्वारा पूर्व में ही आधिकारिक सूचना प्रकाशित की जाएगी।

साप्ताहिक विश्राम (बुधवार) से इन्हें रहेगी छूट: आम जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कच्ची सब्जी बाजार, मेडिकल स्टोर्स, अंग्रेजी/आयुर्वेदिक दवा दुकानें, एलपीजी गैस एजेंसी, पेट्रोल-डीजल पंप और होटल व्यवसाय को बुधवार के साप्ताहिक विश्राम से पूरी तरह मुक्त रखा गया है। ये सभी आवश्यक सेवाएं यथावत संचालित रहेंगी।

चर्चा के समापन पर संघ के कोषाध्यक्ष राकेश गुप्ता एवं संरक्षक संतोष चंद्राकर ने लिए गए निर्णयों का स्वागत करते हुए सभी व्यापारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया और नए फैसलों के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई दीं।

बैठक में प्रमुख रूप से इस अवसर पर दिलीप चंद्राकर, दीपक सोनी, संतोष चंद्राकर, मनोज चंद्राकर, मीडिया प्रभारी शरद गुप्ता, पंकज शुक्ला, जिग्नेश जैन, राजू सोनी सहित सदर व्यापारी संघ के अन्य सभी वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!