आरंग:-राजधानी से सटे मंदिर हसौद क्षेत्र के ग्राम सेरीखेड़ी स्थित खदरहा भाटा में 16-17 अगस्त की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। गाँव के पास एक खिन्नी के पेड़ पर एक ही रस्सी के सहारे युवक-महिला का शव फंदे पर लटकता मिला। रात करीब 1 बजे इस खौफनाक मंज़र को देखते ही ग्रामीणों के पैरों तले ज़मीन खिसक गई और देखते ही देखते पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

एक ही रस्सी से लटका मिला शव, मृतकों की हुई पहचान

सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पेड़ से नीचे उतरवाया और शिनाख्त की कार्रवाई शुरू की। मृतकों की पहचान मेघराज साहू (32 वर्ष), पिता स्वर्गीय दम्मत राम साहू और नंदिनी ध्रुव (35 वर्ष), पति ललित ध्रुव के रूप में हुई है। दोनों मृतक सेरीखेड़ी गाँव के ही निवासी थे।

पति से अलग रह रही थी नंदिनी, प्रेम-प्रसंग बना वजह.!

स्थानीय सूत्रों और प्राथमिक जांच के मुताबिक, मृतिका नंदिनी ध्रुव का अपने पति ललित ध्रुव से लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह पति से अलग रह रही थी। इसी बीच गाँव के ही मेघराज साहू से उसका प्रेम-प्रसंग शुरू हुआ। नंदिनी एक निजी कंपनी में मजदूरी करती थी, जबकि मेघराज भी मजदूरी का काम करता था। इस दुखद घटना के बाद नंदिनी की 6 साल की मासूम बच्ची के सिर से माँ का साया हमेशा के लिए उठ गया है।

देर रात हुआ था ज़ोरदार विवाद, खौफनाक कदम में बदला गुस्सा

बताया जा रहा है कि रविवार रात दोनों प्रेमी-प्रेमिका के बीच किसी बात को लेकर भारी वाद-विवाद और कहासुनी हुई थी। झगड़ा इतना बढ़ गया कि गुस्से और अवसाद में दोनों ने एक साथ मौत को गले लगाने का खौफनाक फैसला कर लिया। रात के सन्नाटे में दोनों गाँव के पास खदरहा भाटा पहुंचे और खिन्नी के पेड़ पर एक ही फांसी का फंदा बनाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

मर्ग कायम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मर्ग पंचनामा तैयार किया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम (PM) के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही समय और कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मंदिर हसौद पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!