आरंग: नगर की विभिन्न जनसमस्याओं और मूलभूत सुविधाओं की बदहाली को लेकर शिवसेना आरंग इकाई ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी आरंग (CMO) राम संजीवन सोनवानी को ज्ञापन सौंपकर त्वरित समाधान की मांग की है। यह प्रदर्शन शिवसेना के रायपुर जिला ग्रामीण अध्यक्ष एवं पार्षद प्रतिनिधि राकेश शर्मा के मार्गदर्शन तथा नगर अध्यक्ष राज दुबे के नेतृत्व में किया गया।
शिवसैनिकों ने नगर पालिका प्रशासन का ध्यान आरंग की प्रमुख समस्याओं की ओर आकर्षित कराते हुए जल्द से जल्द सुधार कार्य कराने का आग्रह किया। ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख मांगे रखी गईं:
श्मशान घाट एवं तालाबों की सफाई: नगर के सभी श्मशान घाटों की नियमित सफाई की जाए। साथ ही निस्तारी तालाबों की जल-कुंभी हटाकर सफाई कराने और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने की मांग की गई।
स्ट्रीट लाइट एवं गणेश चतुर्थी की तैयारी: आगामी गणेश चतुर्थी पर्व को देखते हुए नगर की बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराया जाए।
सड़कों की मरम्मत एवं छंटाई: गौरव पथ पर पेड़ों की डालियां अत्यधिक बढ़ने के कारण हादसों का खतरा बना हुआ है, जिनकी छंटाई आवश्यक है। इसके अलावा, नगर पालिका क्षेत्र की जर्जर सड़कों के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।
सफाई व्यवस्था व उद्यान देखभाल: सभी वार्डों में नियमित सफाई के साथ कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जाए तथा पार्कों/गार्डन में बच्चों के झूलों को दुरुस्त कर उद्यानों का रखरखाव किया जाए। वही मुख्य नगरपालिका अधिकारी राम संजीवन सोनवानी ने ज्ञापन में उल्लिखित सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए इनका शीघ्र निराकरण कराने का आश्वासन दिया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन प्रभारी व्यास सोनकर, टेकू देवांगन, कोमल यादव, रवि लोधी सहित भारी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित रहे।

