आरंग: नगर पालिका परिषद आरंग की विशेष बैठक आज दिनांक 11/08/2026 दिन मंगलवार को दोपहर 02:00 बजे से नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। स्थानीय मुद्दों और विकास कार्यों को लेकर बुलाई गई इस बैठक में 7 प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा और निर्णय लिया जाएगा। हालाँकि, शहर के सबसे ज्वलंत मुद्दे—बस स्टैंड निर्माण,अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माण को आधिकारिक एजेंडे में शामिल नहीं किए जाने से राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
अवैध प्लाटिंग पर घमासान तय, विपक्ष के रुख पर नज़र
हाल ही में सत्ता पक्ष (भाजपा) के पार्षदों ने शहर में बेधड़क जारी अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माण के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था। इस गंभीर मुद्दे को विशेष बैठक के एजेंडे में स्थान न मिलने के कारण भाजपा पार्षदों द्वारा सदन के भीतर ज़ोरदार हंगामा किए जाने के पूरे आसार हैं।
दूसरी ओर, सत्ता पक्ष द्वारा ज्ञापन दिए जाने के बाद इस पूरे मामले पर विपक्षी दल कांग्रेस का रुख क्या रहता है, इस पर भी शहर के राजनीतिक गलियारों और आम जनता की तीखी नज़र टिकी हुई है।
नवनियुक्त एल्डरमेन पहली बार होंगे शामिल
आज की विशेष बैठक कई मायनों में खास रहने वाली है। नगर पालिका में हाल ही में नियुक्त किए गए नए एल्डरमेन पहली बार परिषद की इस आधिकारिक बैठक में हिस्सा लेंगे और नगर के विकास कार्यों की प्रक्रिया में भागीदार बनेंगे।
बैठक के मुख्य 07 एजेंडे:
राष्ट्रीय पर्व (15 अगस्त 2026): स्वतंत्रता दिवस समारोह के गरिमामय आयोजन की तैयारियों, व्यवस्थाओं और रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा एवं निर्णय।
कैठा तालाब लीज प्रकरण: नगर के कैठा तालाब को लीज पर दिए जाने के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श एवं अंतिम निर्णय।
स्थायी जाति प्रमाण पत्र: अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के आवेदकों हेतु स्थायी जाति प्रमाण पत्र जारी करने के लिए प्राप्त आवेदनों की उद्घोषणा पर निर्णय।
पेंशन एवं सहायता योजनाएँ: सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना एवं राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत प्राप्त आवेदनों का अवलोकन, समीक्षा और स्वीकृति।
ओडका तालाब का नामकरण: वार्ड क्रमांक 13 स्थित ओडका तालाब का नया नामकरण किए जाने के संबंध में प्राप्त प्रस्ताव पर चर्चा एवं निर्णय।
विकास कार्यों की दर स्वीकृति: अधोसंरचना मद एवं राज्य प्रवर्तित मद के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों के लिए प्राप्त न्यूनतम दरों (Tender Rates) की स्वीकृति पर फैसला।
नामांतरण प्रकरण: शहर के भूमि एवं भवन से संबंधित लंबित नामांतरण प्रकरणों को प्रस्तुत कर उनकी स्वीकृति पर निर्णय।
एक तरफ जहाँ परिषद की बैठक में 15 अगस्त की तैयारियों और नामांतरण जैसे प्रशासनिक कार्य निपटाने की तैयारी है, वहीं दूसरी तरफ अवैध प्लाटिंग का जिन्न सदन में माहौल गरमाने के लिए पूरी तरह तैयार है। देखना होगा कि अध्यक्ष और पालिका प्रशासन विपक्ष तथा असंतुष्ट पार्षदों के सवालों का सामना कैसे करता है।

