रायपुर:  मानवता की सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के उद्देश्य से रायपुर जिले में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की सदस्यता के जिला रेडक्रॉस अध्यक्ष तथा कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान को लगातार सकारात्मक प्रतिसाद मिल रहा है। जिले के अधिकारी-कर्मचारी एवं आम नागरिक रेडक्रॉस से जुड़कर समाजसेवा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं।

इसी क्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) आरंग  दिनेश शर्मा के नेतृत्व में 457 अधिकारी-कर्मचारियों ने इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की सदस्यता ग्रहण की, जिसमें 7 आजीवन तथा 450 वार्षिक सदस्यता शामिल है। आज जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ सिंह ने बीईओ श्री शर्मा से सदस्यता राशि ग्रहण की।

कलेक्टर ने रेडक्रॉस से जुड़ने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारियों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि मानव सेवा के लिए किया गया प्रत्येक प्रयास समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने जिले के अधिक से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों से रेडक्रॉस सोसाइटी की सदस्यता लेकर जरूरतमंदों की सहायता में सहभागी बनने का आह्वान किया।

इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी एक स्वतंत्र मानवतावादी एवं समाजसेवी संस्था है, जो आपदा एवं संकट की परिस्थितियों में पीड़ितों की सहायता के लिए समर्पित है। संस्था द्वारा भूकंप, आग, बाढ़ एवं सूखा जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान और रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाता है।

रेडक्रॉस सोसाइटी से जुड़ने के लिए विभिन्न श्रेणियों में सदस्यता का प्रावधान है। संरक्षक सदस्य के लिए 25 हजार रुपए, उप संरक्षक सदस्य के लिए 12 हजार रुपए, आजीवन सदस्य के लिए 1 हजार रुपए तथा वार्षिक सदस्यता के लिए 100 रुपए निर्धारित किए गए हैं।

इस अवसर पर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत श्री कुमार बिश्वरंजन तरह सीएमएचओ डॉ मिथलेश चौधरी सहित जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!