छात्र आंदोलन के समर्थन में शीर्ष नेतृत्व की गिरफ्तारी और लाठीचार्ज के विरोध में प्रदेशव्यापी आह्वान पर उग्र प्रदर्शन

आरंग :-छात्र समुदाय के समर्थन में उतरे कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की गिरफ्तारी और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में पूरे प्रदेश के साथ-साथ आरंग में भी विरोध का बिगुल बज उठा है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित पार्टी के वरिष्ठ सांसदों एवं नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदेशव्यापी आह्वान पर आरंग ब्लॉक में भी जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी व जिला कॉग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री व पूर्व विधायक डॉ. शिवकुमार डहरिया के मार्गदर्शन में आरंग बस स्टैंड पर भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर केंद्र सरकार की छात्र-विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया।

तेज बारिश के बीच भी बरकरार रहा कार्यकर्ताओं का जोश

प्रदर्शन के दौरान मौसम का मिजाज बिगड़ गया और तेज बारिश होने लगी, लेकिन इसके बावजूद कार्यकर्ताओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। मूसलाधार बारिश के बीच ही कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। पुतला दहन के दौरान अचानक आग की लपटें तेज होने से दो कार्यकर्ता झुलस गए। झुलसने वालों में वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद समीर गोरी और देवेंद्र घृतलहरे शामिल हैं। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए गहमागहमी का माहौल बन गया था।

केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार युवाओं और छात्रों की जायज आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। जब छात्र अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरे, तो कांग्रेस नेतृत्व उनके साथ खड़ा हुआ। लेकिन लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रहे राष्ट्रीय नेताओं को गिरफ्तार कर सरकार ने अपनी तानाशाही और बौखलाहट का परिचय दिया है।

“लोकतंत्र में जनहित की आवाज उठाना और छात्रों के हक की लड़ाई लड़ना कोई अपराध नहीं है। हमारे नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी लगातार आम जनता के मुद्दे उठा रहे हैं। तानाशाही रवैये से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा:-खिलावन निषाद (शहर ब्लॉक अध्यक्ष, आरंग)

इस विरोध प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष खिलावन निषाद,मंडल अध्यक्ष आरंग शहर भरत लोधी,नेता प्रतिपक्ष शरद (जीतू) गुप्ता, पार्षद समीर गोरी ईश्वर पटेल,युवा जिला अध्यक्ष रायपुर ग्रामीण सजल चंद्राकर,दीपक चंद्राकर,देवेंद्र धृतलहरे, सागर जोशी, सादिक बैलिम, मनीष कंडरा, दौलत लोधी, मनीष जलक्षत्री,पोषण साहू, राजेश निर्मलकर,मुकेश लोधी, उमाकांत जलक्षत्री,चंदन लोधी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!