सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पत्रकार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी और दुष्प्रचार करने के मामले में आरंग थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में आरोपी हरिशंकर जलक्षत्री और अश्वनी साहू के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की है। हालांकि, बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
धोखाधड़ी के समाचार से जुड़ा है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों आरंग स्थित राव हॉस्पिटल के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में एक स्थानीय पत्रकार ने समाचार प्रकाशित किया था। इस खबर से बौखलाकर हॉस्पिटल के संचालक राजू साहू ने पत्रकार को निशाना बनाने की साजिश रची। राजू साहू से जानकारी प्राप्त कर पत्रकार की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट तैयार कराई गई।
फेसबुक पेज ‘तात्या बिच्छु आरंग वाले’ से हुआ दुष्प्रचार
जांच में सामने आया है कि आरोपी हरिशंकर जलक्षत्री पर “तात्या बिच्छु आरंग वाले” नाम से फेसबुक पेज संचालित करने का गंभीर संदेह है।
आरोपी हरिशंकर ने सह-आरोपी अश्वनी साहू के मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पत्रकार के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट शेयर की थी। इसके अलावा, आरोपी हरिशंकर ने रायपुर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को भी पत्रकार के खिलाफ गुमराह करने वाले व्हाट्सएप मैसेज भेजे थे।
आरोपी के मोबाइल से मिले कई आपत्तिजनक प्रमाण
पुलिस जांच में आरोपी हरिशंकर जलक्षत्री के मोबाइल से कई संदिग्ध और आपत्तिजनक गतिविधियां पाई गई हैं। जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी इलाके के अन्य लोगों के खिलाफ भी दुर्भावनापूर्वक जानकारी इकट्ठा कर उन्हें सोशल मीडिया पर बदनाम करने का काम करता आ रहा था। फिलहाल, पुलिस ‘तात्या बिच्छु आरंग वाले’ पेज से जुड़ी अन्य संदिग्ध गतिविधियों और डिजिटल साक्ष्यों की गहनता से पड़ताल कर रही है।

