‘मोर आवास मोर मकान’ योजना के तहत बनाए गए AHP (Affordable Housing in Partnership) फ्लैट्स का आबंटन लंबे समय से अटका हुआ है। शिवसेना जिला ग्रामीण अध्यक्ष राकेश शर्मा के नेतृत्व में शिव सैनिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) राम सजीवन सोनवानी से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। शिवसेना ने नगर पालिका प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अगले 10 दिनों के भीतर आवास आवंटन की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई, तो वे हितग्राहियों के साथ मिलकर नगर पालिका कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे।

10 माह पहले जमा कराए गए 75-75 हजार रुपये

ज्ञापन सौंपने के दौरान शिवसेना के पदाधिकारियों ने नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। शिवसेना के जिला ग्रामीण अध्यक्ष राकेश शर्मा ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को अवगत कराया कि योजना के तहत दो ब्लॉक के आवंटन के लिए लगभग 10 माह पूर्व ही पात्र हितग्राहियों से 75-75 हजार रुपये की निर्धारित राशि जमा करवा ली गई थी।

लगभग 50 से अधिक गरीब एवं बीपीएल परिवार ऐसे हैं, जिन्होंने अपना पेट काटकर और कर्ज लेकर यह राशि इस उम्मीद में जमा की थी कि उन्हें जल्द ही अपना पक्का मकान मिल जाएगा। लेकिन पैसा जमा होने के 10 महीने बीत जाने के बाद भी आवंटन की प्रक्रिया को अधर में लटकाकर रखा गया है।

बीपीएल कार्डधारियों को आवंटन न मिलने से आक्रोश

शिवसेना के वरिष्ठ नेता केशव वैष्णव और रिंकु यादव ने बताया कि ‘मोर आवास मोर मकान’ योजना का मुख्य उद्देश्य बेघर और आर्थिक रूप से कमजोर (बीपीएल कार्डधारी) परिवारों को फ्लैट सिस्टम के तहत पक्का छत मुहैया कराना है।

तमाम अर्हताएं पूरी करने और पात्र पाए जाने के बावजूद, गरीबाें को उनके हक का मकान क्यों नहीं दिया जा रहा है, इसका कोई स्पष्ट कारण नगर पालिका प्रशासन द्वारा नहीं बताया जा रहा है। आवंटन प्रक्रिया रुकी होने से हितग्राही किराए के मकानों में रहने या झोपड़ियों में दिन काटने को मजबूर हैं।

10 दिन का अल्टीमेटम, धरना प्रदर्शन की तैयारी

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी सोनवानी को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल प्रभाव से लॉटरी/आवंटन प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। शिव सैनिकों ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि 10 दिनों की समय सीमा के भीतर पात्र आवेदकों को आवास का कब्जा नहीं सौंपा गया, तो शिवसेना चुप नहीं बैठेगी। तय समय सीमा समाप्त होते ही पीड़ित हितग्राहियों को साथ लेकर नगर पालिका परिसर के गेट पर उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।

जल आपूर्ति की व्यवस्था दुरुस्त की जा रही उसके तुरंत बाद होगा आबंटन: सीएमओ

इस इस पूरे मामले में मुख्य नगर पालिका अधिकारी राम संजीवन सोनवानी ने बताया कि AHP में जल आपूर्ति की व्यवस्था को दुरुस्त की जा रही है।हितग्राहियों को वहां शिफ्ट करने बाद किसी भी प्रकार की तकलीफ न हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।जल्द ही वहां जल आपूर्ति की व्यवस्था पूरी हो जाएगी उसके बाद तत्काल हितग्राहियों को आवास आवंटित कर दिया जाएगा।

ज्ञापन देने में ये रहे उपस्थित

ज्ञापन सौंपने के दौरान शिवसेना के प्रमुख पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। इस अवसर पर शिवसेना जिला ग्रामीण अध्यक्ष राकेश शर्मा के साथ केशव वैष्णव, रिंकु यादव, रेखराज अग्रवाल, देवा साहू, और टेकु देवांगन सहित कई अन्य कार्यकर्ता एवं हितग्राही विशेष रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!