बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-30 (NH-30) स्थित मरकाटोला घाट में शुक्रवार को भारी बारिश के बीच एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। सड़क किनारे खड़े एक डीजे/धुमाल वाहन को पीछे से गेहूं से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक डीजे वाहन को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया।

6 लोगों की मौत, कई घायल

इस हादसे में डीजे वाहन में सवार 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, एक व्यक्ति के अभी भी ट्रक के नीचे दबे होने की सूचना है। घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकालकर इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेजा। सूचना पर पुरूर थाना पुलिस, पेट्रोलिंग टीम और ट्रैफिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ-साथ मार्ग पर यातायात सुचारू कराने में जुट गई।

लैंडस्लाइड से पहले ही प्रभावित था यातायात

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मरकाटोला घाट में बीती रात से हो रही भारी बारिश के कारण लगातार लैंडस्लाइड (भूस्खलन) की स्थिति बनी हुई थी। पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर और मलबा सड़क पर गिरने से यातायात पहले से ही बाधित था। सड़क के बीचो-बीच एक बड़ा पत्थर गिरने से गाड़ियाँ धीरे-धीरे गुजर रही थीं, इसी दौरान इस दर्दनाक हादसे ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।

NH-30 पर आवाजाही प्रभावित, पुलिस जांच में जुटी

लगातार हो रही बारिश और इस भीषण दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे-30 पर वाहनों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और लैंडस्लाइड के मलबे व दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर रास्ता साफ कराने का प्रयास कर रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतकों व घायलों की आधिकारिक पहचान की पुष्टि की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!