आरंग: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रसनी में स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शाला विकास एवं प्रबंधन समिति (SMDC) के अध्यक्ष सूरज शर्मा तथा समिति के सदस्यों द्वारा भारत माता के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि सूरज शर्मा ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।

समारोह को संबोधित करते हुए शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सूरज शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “आजादी का यह पर्व हमारे वीरों के त्याग, तपस्या और महान बलिदान का प्रतीक है। देश के अनगिनत देशभक्तों ने अपने प्राणों की आहुति दी, तब जाकर हमें यह स्वतंत्रता प्राप्त हुई है। इस आजादी के मूल्य को हमें हमेशा याद रखना होगा और आने वाली पीढ़ियों को भी अपने स्वर्णिम इतिहास व शहीदों की गाथाओं से अवगत कराना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।”

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य प्रशांत मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त किए और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।

इस गरिमामय अवसर पर डोमार सिंह चंद्राकार, अभयराम चंद्राकार, कुंदन चंद्रा, गणेश साहू, अंगद साहू, बल्लू साहू, अरुण साहू, समीर चंद्राकार सहित समस्त व्याख्याता, शिक्षक-शिक्षिकाएं, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!