आरंग: प्रशासनिक लापरवाही और ठेकेदार की हठधर्मिता के खिलाफ जब ‘द आरंग पोस्ट’ ने जनता की आवाज को बेबाकी से उठाया, तो आखिरकार सोए हुए नगर पालिका प्रशासन की नींद टूट ही गई। वार्ड क्रमांक 02 और 10 की जर्जर सड़कों तथा बंद पड़े निर्माण कार्य को लेकर प्रकाशित की गई प्रमुखता से खबर का आज बड़ा और सीधा असर देखने को मिला है।
खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आए नगर पालिका प्रशासन ने आनन-फानन में संज्ञान लिया और आज नगर पालिका अध्यक्ष डॉ संदीप जैन ने स्वयं मौके पर पहुंचकर बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्य का औपचारिक भूमिपूजन कर काम शुरू करवा दिया है।इस दौरान उनके साथ छग चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा भी उपस्थित रहे।
‘द आरंग पोस्ट’ ने प्रमुखता से उठाई थी जनता की समस्या
उल्लेखनीय है कि ‘द आरंग पोस्ट’ ने वार्ड 02 और 10 के नारकीय हालातों को उजागर करते हुए प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। खबर में खुलासा किया गया था कि:
₹9.75 लाख का टेंडर पास होने और वर्क ऑर्डर जारी होने के बावजूद महासमुंद की ‘श्री राम कंस्ट्रक्शन’ एजेंसी बीते 2 महीनों से काम बंद करके बैठी थी।
ठेकेदार की मनमानी इतनी बढ़ गई थी कि वह स्थानीय पार्षदों (वार्ड 02 के पार्षद उमाकांत यादव और वार्ड 10 के पार्षद संतोष लोधी) तक के फोन उठाना बंद कर चुका था।
बारिश के दिनों में सड़कों के गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे थे और किसी बड़े हादसे का अंदेशा बना हुआ था।
भूमिपूजन के साथ निर्माण कार्य शुरू, ठेकेदार को मिली चेतावनी

खबर के डिजिटल और जमीनी प्रभाव के बाद आज नगर पालिका अध्यक्ष डॉ संदीप जैन ने अधिकारियों की टीम के साथ वार्ड में पहुंचकर स्वीकृत राशि का भूमिपूजन किया।
जूगु किराना दुकान से सुकालु लोधी के घर तक: ₹4,71,000 की लागत से निर्माण।
उपेंद्र साहू के घर से उदय यादव के घर तक: ₹5,04,000 की लागत से निर्माण।
भूमिपूजन के साथ ही नगर पालिका अध्यक्ष ने ठेकेदार को सख्त लहजे में निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द काम पूरा करने की हिदायत दी गई है।इस दौरान वार्ड पार्षद संतोष लोधी,उमाकांत यादव,नरेंद्र लोधी,गोलू वीरेंद्र कंडरा,पार्षद प्रतिनिधि विक्रम परमार,राकेश सोनकर,पूर्व पार्षद विष्णु लोधी,चैतराम पाल,नगर पालिका इंजीनियर हरीश मांझी,केशनाथ साहू सहित वार्डवासी उपस्थित रहे।
वार्डवासियो ने जताया ‘द आरंग पोस्ट’ का आभार
लंबे समय से धूल, कीचड़ और हादसों के डर में जी रहे मोहल्लावासियों में आज खुशी की लहर दौड़ गई। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर वार्डवासियों ने राहत की सांस ली है।
मोहल्लावासियों का कहना है कि “अगर ‘द आरंग पोस्ट’ ने हमारी समस्या को इतनी मजबूती से नहीं उठाया होता, तो शायद आज भी प्रशासन कुंभकर्णी नींद में सोया रहता और ठेकेदार की मनमानी जारी रहती। हमारी इस वर्षों पुरानी और जायज मांग को अंजाम तक पहुंचाने के लिए हम ‘द आरंग पोस्ट’ की टीम का सहृदय आभार व्यक्त करते हैं।”
सच्ची और निष्पक्ष पत्रकारिता का संकल्प:
‘द आरंग पोस्ट’ हमेशा जनता के मुद्दों, उनकी समस्याओं और क्षेत्र के विकास के लिए बिना किसी दबाव के आवाज उठाता रहा है और आगे भी उठाता रहेगा।

