शनिवार को बालाजीपुरम कॉलोनी के समस्त पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने आरंग थाना प्रभारी नरेश कुमार साहू से मुलाकात कर रायपुर ग्रामीण पुलिस प्रशासन का सह्रदय आभार प्रकट किया। कॉलोनी वासियों ने पुलिस की त्वरित, मुस्तैद और पेशेवर कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की संवेदनशीलता से एक बच्चे की सकुशल वापसी संभव हो सकी और किसी अनहोनी व गंभीर घटना को घटित होने से बचा लिया गया। आरंग थाना प्रभारी नरेश कुमार साहू से मुलाकात के दौरान बालाजीपुरम कॉलोनी के अध्यक्ष पिंटू कुर्रे, उपाध्यक्ष सतीश भूतड़ा, सचिव भरत चंद्राकर, सलाहकार संतोष हरदाहे, पूर्व अध्यक्ष जनक साहू, लोचन साहू, इंद्र साहू, गोपी गायकवाड़, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष रमेश तिवारी एवं ओम गुप्ता सहित अनेक नागरिक उपस्थित थे। सभी ने अपराधियों पर की गई त्वरित वैधानिक कार्रवाई और 6 घंटे के भीतर मामले का पटाक्षेप करने पर पुलिस की कार्यशैली को सराहा।

महज 6 घंटे में सुलझा 8 वर्षीय बच्चे के अपहरण का सनसनीखेज मामला

उल्लेखनीय है कि थाना आरंग क्षेत्र में एक 8 वर्षीय बालक के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया था, जिसे रायपुर ग्रामीण पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर सुलझा लिया। पुलिस ने न केवल बच्चे को सकुशल बरामद किया, बल्कि 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। 16 अक्टूबर की सुबह करीब 9:00 बजे इंदिरा चौक स्थित मेडप्लस दुकान के पास से 8 वर्षीय बच्चा साइकिल चलाते समय अचानक गायब हो गया था। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद शाम करीब 4:00 बजे आरंग थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामला दर्ज होते ही पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और उप पुलिस अधीक्षक (माना) के मार्गदर्शन में पूरी पुलिस टीम सक्रिय हो गई।

सख्त घेराबंदी देख बच्चे को छोड़कर भागे आरोपी:

इसी दौरान प्रार्थी के मोबाइल पर 15 लाख रुपये की फिरौती का फोन आया। रेंज साइबर सेल की मदद से टेक्निकल सर्विलांस और चारों तरफ नाकेबंदी की गई। पुलिस की सख्त घेराबंदी से घबराकर आरोपी बालक को ग्राम समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए, जहां से पुलिस ने बच्चे को तुरंत सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा। साइबर इनपुट के आधार पर पुलिस ने बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम दतरेंगी में दबिश देकर तीन आरोपियों को धर दबोचा:

 हेमंत उर्फ छोटू निषाद (25 वर्ष, निवासी: दतरेंगी)

  मिथलेश ध्रुव उर्फ भुरू (20 वर्ष, निवासी: दतरेंगी)

  01 विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)

पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से पूरे क्षेत्र और कॉलोनीवासियों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!