आरंग व्यापारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को आरंग थाना प्रभारी नरेश कुमार साहू से मुलाकात कर उन्हें पदभार ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान संघ ने नगर की सुरक्षा और बेहतर यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन के साथ चर्चा की।मुलाकात के दौरान व्यापारी संघ ने थाना प्रभारी को नगर हित से जुड़ा एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि खरोरा मार्ग और राजिम मार्ग से आरंग नगर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके।
व्यापारी संघ ने कहा कि आगामी दिनों में कई प्रमुख त्योहार आ रहे हैं, ऐसे में आम जनता की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए पुलिस प्रशासन को विशेष ध्यान देना चाहिए। संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि नगर की शांति और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में व्यापारी संघ पुलिस को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।
इस अवसर पर व्यापारी संघ के अध्यक्ष सूरज शर्मा, सचिव दिलीप चंद्राकर, कोषाध्यक्ष राकेश गुप्ता तथा संरक्षक संतोष चंद्राकर, दीपक सोनी, मनोज चंद्राकर, विनोद गुप्ता मौजूद रहे।

