मंदिर हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनौद और धमनी के बीच दिनदहाड़े लूटपाट की एक गंभीर वारदात सामने आई है। पार्सल डिलीवरी कर लौट रहे एक डिलीवरी बॉय पर बजाज पल्सर सवार तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और नकदी व मोबाइल छीनकर फरार हो गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, ‘Xpressbees’ और ‘Valmo’ डिलीवरी एजेंसी में कार्यरत ग्राम बोड़रा (आरंग) निवासी हितेश लोधी गनौद में पार्सल छोड़ने के बाद बाइक से ग्राम धमनी की ओर लौट रहा था। इसी दौरान गनौद और धमनी के बीच सुनसान रास्ते पर पल्सर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे घेर लिया।विरोध करने पर लुटेरों ने हितेश पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी कमर के पास गंभीर चोट आई है। हमले के बाद आरोपी पीड़ित से लगभग 4,000 रुपये नकद और उसका मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए।घटना के बाद राहगीरों की मदद से घायल हितेश को तुरंत आरंग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वारदात की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस हरकत में आई। पीड़ित के बयानों और प्राथमिक जानकारी के आधार पर पुलिस की टीमें आरोपियों की पतासाजी में जुट गई हैं। आसपास के इलाकों और मुख्य मार्गों पर संदिग्धों की धरपकड़ के लिए नाकेबंदी की जा रही है।
जनहित में अपील: सुनसान रास्तों से गुजरते समय सतर्क रहें
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद क्षेत्रवासियों और विशेष रूप से फील्ड वर्क (डिलीवरी, कलेक्शन आदि) करने वाले कर्मियों से “THE आरंग POST” की टीम सावधानी बरतने की अपील करती है:-
सुनसान मार्गों पर सतर्कता रखें: दोपहर या देर शाम के समय सुनसान रास्तों से गुजरते समय अपने आसपास के वाहनों पर नजर रखें।
संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें: यदि किसी बाइक या व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध लगे, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या आपातकालीन नंबर (112) पर संपर्क करें।
अकेले यात्रा से बचें: जहां तक संभव हो, सुनसान इलाकों वाले रूट पर अकेले जाने से बचें या मुख्य मार्गों का उपयोग करें।

