क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के बीच आरंग में आज निकलने वाली गणेश विसर्जन झांकी की तिथि को आगे बढ़ा दिया गया है। अब यह भव्य गणेश झांकी कल, 26 सितंबर की रात को निकाली जाएगी।
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने दिए निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने आरंग एसडीएम अभिलाषा पैकरा और थाना प्रभारी नरेश कुमार साहू से दूरभाष पर सीधी चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र में बारिश के हालात और श्रद्धालुओं की सुरक्षा का जायजा लेते हुए विसर्जन झांकी को कल तक के लिए स्थगित करने का परामर्श दिया, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।
आरंग थाने में गणेश समितियों की आपात बैठक
मौसम के कड़े रुख और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आरंग थाना प्रभारी नरेश कुमार साहू की मौजूदगी में नगर की सभी प्रमुख गणेशोत्सव समितियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में लगातार हो रही बारिश से उत्पन्न स्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।
सर्वसम्मति से लिया गया फैसला
आरंग थाना प्रभारी और सभी गणेश समितियों ने एकमत होकर निर्णय लिया कि बारिश के कारण आम जनता, श्रद्धालुओं और झांकी टीमों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए झांकी का आयोजन आज के बजाय कल 26 सितंबर की रात को किया जाएगा।

