रायपुर: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर के मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विभाग द्वारा 7 सितंबर से 11 सितंबर 2026 तक “इंग्लिश रिसर्च में नई संभावनाओं की खोज” विषय पर एक सप्ताह की स्व-वित्तपोषित वर्चुअल कार्यशाला आयोजित की जा रही है | कार्यशाला को उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है और 83 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। इस कार्यक्रम में विभिन्न संस्थानों के संकाय सदस्य, शोधार्थी, स्नातकोत्तर एवं स्नातक विद्यार्थी तथा अंग्रेजी साहित्य में रुचि रखने वाले प्रतिभागी शामिल हो रहे है।

कार्यशाला के उद्घाटन कार्यक्रम में एन आई टी रायपुर के निदेशक (प्रभारी) प्रो. डॉ. समीर बाजपेयी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उद्घाटन संबोधन दिया। कार्यक्रम का संयोजन मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विभाग की प्रो. जया द्विवेदी द्वारा किया जा रहा है। डॉ. येड्डु विजय बाबू और डॉ. संदीप सरकार पाठ्यक्रम समन्वयक के रूप में कार्य करेंगे | कार्यशाला में विभिन्न भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IITs) के विशेषज्ञ वक्ता प्रतिभागियों से संवाद करेंगे और अंग्रेजी शोध के उभरते क्षेत्रों पर अपने विचार साझा करेंगे।

इस कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को अंग्रेजी साहित्य एवं भाषा अनुसंधान में समकालीन प्रवृत्तियों से परिचित कराना तथा नए एवं अंतर्विषयक क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान करना है। कार्यक्रम प्रतिभागियों और प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों के बीच शैक्षणिक संवाद, प्रशिक्षण एवं विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक मंच प्रदान करेगा।

एन आई टी रायपुर का मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विभाग इस कार्यक्रम के माध्यम से अंग्रेजी अध्ययन के क्षेत्र में उभरते सैद्धांतिक, पद्धतिगत और तकनीकी विकास के साथ प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!