आरंग: प्रदेश सरकार महिला शिक्षा और बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में शासकीय हाईस्कूल रसनी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ‘शाला प्रबंधन एवं विकास समिति’ (SMDC) की प्रथम बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक के दौरान शासन की महत्वाकांक्षी ‘सरस्वती साइकिल योजना’ के अंतर्गत स्कूल की छात्राओं को निशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया।

नई साइकिलें पाकर बालिकाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। साइकिल मिलने से अब छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी, जिससे उनके समय की बचत होगी और पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह और बढ़ेगा। साइकिल वितरण के साथ ही SMDC की बैठक में स्कूल की गुणवत्ता सुधारने पर गहन विचार-विमर्श किया गया। समिति के सदस्यों ने विद्यालय में बेहतर शिक्षण व्यवस्था, चपरासी (भृत्य) की व्यवस्था सहित अन्य जरूरी बुनियादी विषयों पर चर्चा की और इन पर त्वरित पहल करने का संकल्प लिया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम और बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि शामिल हुए, जिनमें मुख्य रूप से डोमार सिंह चंद्राकर,अभयराम चंद्राकर,सूरज शर्मा,गणेश साहू,अंगद साहू,प्राचार्य प्रशांत मिश्रा के साथ ही विद्यालय के व्याख्यातागण और समस्त शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

