महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत सिंघोड़ा पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-53 पर घेराबंदी कर एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 120.060 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 60 लाख 3 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में कंटेनर चालक सहित गुजरात के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर रेहटीखोल के पास घेराबंदी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर अंतरराज्यीय सीमाओं पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। इसी दौरान पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए गुजरात की ओर एक कंटेनर में गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही सिंघोड़ा पुलिस ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास कड़ी घेराबंदी की।संदिग्ध हरे-पीले रंग के कंटेनर (क्रमांक CG 06 AV 4815) के पहुंचते ही पुलिस ने उसे रोककर तलाशी शुरू की। वाहन के डाले में छिपाकर रखी गई 4 प्लास्टिक की बोरियों से कुल 120.060 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

गुजरात के दो तस्कर गिरफ्तार

कंटेनर में सवार दोनों व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की।

आरोपियों की पहचान: वसीम शाह (पिता: सबीर शाह, उम्र: 38 वर्ष), निवासी: जिला खेड़ा, गुजरात (कंटेनर चालक)

अय्युब खान (पिता: मेहताब खान, उम्र: 56 वर्ष), निवासी: जिला आनंद, गुजरात पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजे की यह खेप संबलपुर (ओडिशा) से लोड कर गुजरात ले जा रहे थे।

70.08 लाख रुपये की कुल संपत्ति जब्त

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पूरे नेटवर्क के सामान को जब्त कर लिया है जिसमें:

अवैध गांजा (120.060 किग्रा): कीमत ₹60,03,000

कंटेनर वाहन (CG 06 AV 4815): कीमत ₹10,00,000

 2 मोबाइल फोन: कीमत ₹5,500

 कुल जब्ती: ₹70,08,500

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

सिंघोड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 20(B)ii(C) के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस तस्करी के मुख्य सरगना, सप्लाई चेन और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की गहराई से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!