धमतरी: हरियाली और खुशियों के पर्व ‘तीजा’ पर एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने दो जिंदगियों को बेरहमी से छीन लिया। जिस बहन के चेहरे पर तीजा की खुशी और भाई के साथ घर लौटने का उत्साह था, उसकी सांसें अस्पताल की चौखट पर टूट गईं। इस दर्दनाक सड़क हादसे में बड़े गौरी गांव निवासी भाई-बहन की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

बहन को लेने गया था भाई, रास्ते में काल बनी पिकअप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़े गौरी गांव के रहने वाले दामेश्वर सिन्हा अपनी बहन नीता सिंह को तीजा का त्योहार मनाने के लिए मोखा गांव से अपनी बाइक पर लेकर लौट रहे थे। त्योहार का उमंग और अपनों से मिलने की खुशी के बीच दोनों भाई-बहन हंसी-खुशी सफर तय कर रहे थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जैसे ही उनकी बाइक पुरूर के पास पहुंची, सामने से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

अस्पताल में टूटीं सांसें, पसरा सन्नाटा

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की पूरी टीम ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

जिस घर में तीजा के पकवान और स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब सिर्फ चीखें और सिसकियां गूंज रही हैं। एक साथ उठी भाई-बहन की अर्थियों ने पूरे गांव की आंखों को नम कर दिया है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें शोकाकुल परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!