थाना आरंग क्षेत्र में एक 8 वर्षीय नाबालिग के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने त्वरित और पेशेवर कार्रवाई करते हुए महज 6 घंटे के भीतर इस पूरी वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने न केवल अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया, बल्कि 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले दो मुख्य आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को भी धर दबोचा। पुलिस की इस मुस्तैदी से एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।

जानकारी के अनुसार दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को आरंग निवासी एक व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह इंदिरा चौक स्थित मेडप्लस मेडिकल स्टोर में काम करता है और उसकी पत्नी नर्स हैं। घटना दिवस की सुबह, उसकी पत्नी ने अपने 8 वर्षीय बेटे को मेडप्लस दुकान पर छोड़ा था। सुबह करीब 9:00 बजे बच्चा साइकिल चलाने और खेलने की बात कहकर दुकान से निकला, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो शाम करीब 4:00 बजे थाने में इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने बिना वक्त गंवाए तत्काल खोजबीन शुरू कर दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना आरंग पुलिस ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों—पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और उप पुलिस अधीक्षक (माना) को अवगत कराया। अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी की गई। इसी दौरान, प्रार्थी के मोबाइल पर अज्ञात आरोपियों का फोन आया और बच्चे को छोड़ने की एवज में 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।पुलिस ने तुरंत रेंज साइबर सेल से तकनीकी सहायता (टेक्निकल सर्विलांस) प्राप्त की।संभावित सभी रास्तों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया और पड़ोसी जिलों की पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। पुलिस की चौतरफा और सख्त घेराबंदी से घबराए आरोपी खुद को घिरता देख अपहृत बालक को ग्राम समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। रेंज साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम दतरेंगी में दबिश दी। पुलिस टीम ने आरोपियों के घर के पास घेराबंदी कर दो मुख्य आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में ले लिया।कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपहरण और फिरौती मांगने की बात स्वीकार कर ली।

 

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

 हेमंत उर्फ छोटू निषाद (पिता: बुधुराम निषाद, उम्र: 25 वर्ष, निवासी: दतरेंगी, थाना गिधपुरी, जिला बलौदाबाजार)

 मिथलेश ध्रुव उर्फ भुरू (पिता: भक्तु ध्रुव, उम्र: 20 वर्ष, निवासी: दतरेंगी, थाना गिधपुरी, जिला बलौदाबाजार)

  01 विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)

 पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है।पुलिस द्वारा आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की गई, जिसमें फिलहाल उनका कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं पाया गया है।सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। रायपुर ग्रामीण पुलिस की इस त्वरित, संवेदनशील और पेशेवर कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!