नवा रायपुर के राखी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बेंद्री से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक अज्ञात युवक की सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई है। युवक का लहुलुहान शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है।
भारी वस्तु से सिर पर किया वार

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने युवक की हत्या करने के इरादे से उसके सिर पर किसी भारी वस्तु या पत्थर से ताबड़तोड़ वार किए। चोट इतनी गंभीर थी कि युवक का सिर बुरी तरह कुचल गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और करके शव को यहाँ छुपाने के उद्देश्य से फेंका गया है या फिर सुनसान इलाके का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
शिनाख्त में जुटी राखी थाना पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही राखी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है।पुलिस द्वारा आस-पास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है और घटना स्थल के रूट पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि संदिग्धों का पता लगाया जा सके।

