हिंदुस्तान पेट्रोलियम डिपो, मंदिरहसौद में जेसीबी (JCB) और ट्रैक्टर का कार्य करने वाले प्रार्थियों के बकाया भुगतान की मांग को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना, आरंग द्वारा डिपो के सामने किया गया शांतिपूर्ण आंदोलन सफल रहा। संगठन की पहल के बाद कंपनी प्रबंधन ने मौके पर ही प्रार्थियों को लगभग 3.50 लाख रुपये का तत्काल भुगतान किया, जबकि शेष राशि 20 सितंबर 2026 तक देने का लिखित आश्वासन दिया है।
07 लाख रुपये बकाया का मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डिपो में कार्य करने वाले वाहन मालिकों और प्रार्थियों का लगभग ₹7 लाख का भुगतान लंबे समय से अटका हुआ था। प्रार्थियों द्वारा लगातार अपनी मेहनत की कमाई की मांग की जा रही थी, लेकिन समाधान न होने पर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (आरंग) ने मामले को गंभीरता से लिया और आंदोलन की रूपरेखा तैयार की।
प्रशासन की मौजूदगी में हुआ समझौता
गुरुवार को आयोजित इस शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में वार्ता हुई। तहसीलदार एवं थाना प्रभारी की उपस्थिति में कंपनी प्रबंधन और ठेका कंपनी ने संगठन तथा प्रार्थियों की मांगों को स्वीकार कर लिया। इसके बाद तत्काल ₹3.50 लाख की राशि प्रार्थियों के बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी गई। वहीं, शेष बची राशि का भुगतान 20 सितंबर 2026 से पहले करने पर सहमति बनी।
हक और अधिकार की लड़ाई जारी रहेगी: छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना
मामले के सुलझने पर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (आरंग) और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी (आरंग) ने स्पष्ट किया कि उनका संगठन हमेशा श्रमिकों, वाहन चालकों और आम छत्तीसगढ़वासियों के हक-अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष करता रहेगा। संगठन ने आंदोलन में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं का आभार जताया और कंपनी प्रबंधन द्वारा समयबद्ध भुगतान के कदम का स्वागत किया।

