आरंग थाना क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। चरित्र पर शंका के चलते अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी सोनू सरदार उर्फ अवतार सिंह को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
महानदी तट पर मिला था लहूलुहान शव

दिनांक 13 जुलाई 2026 को ग्राम पारागांव के शमशान घाट (महानदी तट) पर एक महिला का लहूलुहान शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतिका की पहचान रूकमणी सोनवानी के रूप में हुई। मृतिका के शरीर पर जांघ, कूल्हे और हाथ-पैर में गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे साफ था कि उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या की गई थी।
6 साल पुराना प्रेम संबंध और हत्या की वजह
पुलिस की तफ्तीश में यह बात सामने आई कि मृतिका रूकमणी का आरोपी सोनू सरदार उर्फ अवतार सिंह (उम्र 37 वर्ष, मूल निवासी पंजाब, हाल मुकाम पिथौरा, महासमुंद) के साथ पिछले 6-7 वर्षों से प्रेम संबंध था।12 जुलाई 2026 की रात करीब 09:30 बजे आरोपी सोनू ने रूकमणी को किसी अन्य पुरुष के साथ देख लिया था। इससे नाराज होकर आरोपी ने रूकमणी के चरित्र पर शंका करते हुए गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने अपने हाथ में पहने धारदार कड़े और लात-मुक्कों से रूकमणी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी शव को महानदी तट पर फेंककर फरार हो गया था।
त्वरित कार्रवाई से शिकंजे में आया आरोपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए आरंग पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन किया। मुखबिरों की सूचना और तकनीकी विश्लेषण की मदद से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू उर्फ अवतार सिंह को रायपुर से घेराबंदी कर हिरासत में लिया।
मामले में आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि “पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। दिनांक 15 जुलाई 2026 को उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड के तहत केंद्रीय जेल, रायपुर भेज दिया गया है।”

