आरंग विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है। कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब की विशेष पहल पर क्षेत्रवासियों को बुनियादी सुविधाओं का एक नया उपहार मिला है। ‘मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना’ के तहत आरंग विधानसभा के पिरदा और तुलसी गांव में कुल ₹1.51 करोड़ (₹151.20 लाख) के सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
पिरदा और तुलसी को मिली बड़ी स्वीकृति
पिरदा: रोशन के घर से भुवन के घर तक सड़क एवं नाली निर्माण हेतु ₹1.13 करोड़ (₹113.35 लाख) स्वीकृत।
तुलसी: झलाराम की दुकान से मुक्तिधाम तक सड़क एवं नाली निर्माण हेतु ₹37.85 लाख स्वीकृत।
इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से दोनों गांवों में न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि जल निकासी (ड्रेनेज) और साफ-सफाई की स्थिति में भी बड़ा सुधार आएगा।
मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री का जताया आभार
इन महत्वपूर्ण विकास कार्यों की मंजूरी पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री व पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त किया है।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के सक्षम नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण अंचलों के सर्वांगीण विकास और आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। आरंग विधानसभा क्षेत्र की जनता की जरूरतों के अनुरूप सड़क, नाली और अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में विकास की यह गति निरंतर जारी रहेगी।

