रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ एक अनियंत्रित ट्रक और क्रेटा कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। यह दुर्घटना इतनी खौफनाक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसे में एक की मौत, तीन गंभीर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में क्रेटा कार सवार शिवम साहू की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं गाड़ी में मौजूद तीन अन्य युवक — ओमप्रकाश साहू, संजय साहू और रामेश्वर केंवट गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा होते ही आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी।
अस्पताल पहुंचाए गए घायल, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल भिजवाया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
दुर्घटना के बाद मार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को साइड कराकर आवागमन को पूर्णतः सामान्य और सुचारू कराया। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

