रायपुर: राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र अंतर्गत डूमरतराई के साहू पारा में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक सिरफिरे पति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस तिहरे हत्याकांड (ट्रिपल मर्डर) से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी भुनेश्वर साहू का किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने आपा खो दिया और घर में रखे तेजधार चाकू से अपनी पत्नी और दोनों बेटों पर हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई।
मृतकों की पहचान:
खिलेश्वरी साहू (पत्नी)
आशीष साहू (उम्र 10 वर्ष, बड़ा बेटा)
ज्ञान साहू (उम्र 8 वर्ष, छोटा बेटा)
पत्नी और बच्चों की हत्या करने के बाद आरोपी भुनेश्वर साहू ने खुद की गर्दन और शरीर पर चाकू से वार कर आत्महत्या करने का प्रयास किया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लहूलुहान हालत में पड़े आरोपी भुनेश्वर साहू को तत्काल रायपुर के आंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने तीनों शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम (FSL) की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
वारदात के पीछे की मुख्य वजह का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के होश में आने के बाद ही इस जघन्य हत्याकांड के असल कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल माना थाना पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

