आरंग:- रविवार को श्रावण/भाद्रपद माह की भक्तिमय वेला में ग्राम अकोली स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साह और आस्था के साथ कावड़ यात्रा निकाली। प्रधान पाठक छोटूराम साहू के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

हाथों में जल कलश, मुख पर भोले का नाम
रंग-बिरंगी पारंपरिक पोशाक धारण किए और हाथों में जल से भरे कलश व लोटे लिए नन्हे बच्चे जब सड़क पर निकले, तो पूरा वातावरण शिव भक्ति के रंग में रंग गया। बच्चों के मुख से निकलते “बम-बम भोले” और “बोल बम-हर हर महादेव” के गगनभेदी जयकारों से मार्ग गूंज उठा।

यह कावड़ यात्रा ग्राम अकोली से प्रारंभ होकर पड़ोसी गांव छटेरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर होते हुए चंपारण पहुंची। चंपारण स्थित चम्पेश्वर मंदिर पहुंचकर प्रधान पाठक, समस्त शिक्षकों एवं नन्हे कावड़ियों ने पंक्तिबद्ध होकर भगवान आशुतोष के पवित्र शिवलिंग पर पूर्ण श्रद्धा के साथ जल चढ़ाया और क्षेत्र की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की।
प्रधान पाठक छोटूराम साहू ने बताया कि बच्चों को अपनी समृद्ध धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने और उनमें अनुशासन व एकता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से इस कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया था। यात्रा के सफल समापन पर ग्रामीणों एवं पालकों ने विद्यालय परिवार के इस अनूठे प्रयास की प्रशंसा की।

