आरंग : शहर की सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले बाइकर्स और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर आरंग पुलिस ने अब पूरी तरह शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। लगातार मिल रही जन-शिकायतों और बढ़ते सड़क हादसों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। थाना प्रभारी हरीश साहू की अगुवाई में विशेष टीमों का गठन कर शहर भर में ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

‘छपरी गैंग’ और स्टंटबाज़ों पर करारा प्रहार

शहर के आउटर इलाकों और प्रमुख सड़कों पर तथाकथित ‘छपरी गैंग’ का आतंक बना हुआ था। बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियों, तेज पटाखों जैसी आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और जानलेवा स्टंट करने वालों से आम जनता बुरी तरह परेशान थी।

जनता की इस समस्या को देखते हुए आरंग पुलिस ने ‘सरप्राइज चेकिंग अभियान’ चलाकर धरपकड़ शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई मॉडिफाइड बाइकों को मौके पर ही ज़ब्त कर लिया और साइलेंसर निकलवाकर भारी चालान काटा।

नाबालिग चालकों पर सख्ती: अब अभिभावकों की भी खैर नहीं

आरंग में एक और चिंताजनक स्थिति नाबालिग स्कूली बच्चों द्वारा बेधड़क तेज रफ्तार गाड़ियां दौड़ाना है। हाल ही में हुए कई हादसों के बावजूद लोग सबक लेते नज़र नहीं आ रहे हैं। तेज रफ्तार के कारण शहर और आसपास के इलाकों में लगातार दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं।

पालकों की लापरवाही: कम उम्र के बच्चों को बिना लाइसेंस गाड़ियां सौंपना सीधे हादसों को न्योता दे रहा है।

कानूनी चेतावनी: पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब नाबालिग चालकों के पकड़े जाने पर न केवल वाहन ज़ब्त होगा, बल्कि वाहन मालिक और उनके अभिभावकों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल प्रबंधन की तय होगी जवाबदेही

थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि क्षेत्र के कई स्कूलों में नाबालिग छात्र-छात्राएं बिना वैध दस्तावेजों के मोटरसाइकिल से आ रहे हैं।

पुलिस का मानना है कि इसमें स्कूल प्रबंधन की भी जवाबदेही होनी चाहिए और उन्हें नाबालिगों को दोपहिया वाहन लाने से रोकना होगा। यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

“शहर में शांति व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्टंटबाजी, प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ यह कड़ा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।”

हरीश साहू, थाना प्रभारी (आरंग)

 

आरंग पुलिस का 4-सूत्रीय एक्शन प्लान

विशेष चेकिंग टीम: आउटर इलाकों, मुख्य चौराहों और स्कूल-कॉलेजों के पास पुलिस द्वारा औचक चेकिंग प्वाइंट बनाकर कार्यवाही किया जाएगा।

सख्त वाहन जब्ती: बिना नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर और स्टंट करने वाली गाड़ियों को सीधे ज़ब्त करना।

अभिभावकों को समन: नाबालिग चालकों के माता-पिता को थाने बुलाकर समझाइश देना व चालानी कार्रवाई।

आउटर इलाकों पर पैनी नजर: सुनसान इलाकों में स्टंटबाज़ों पर ड्रोन और पेट्रोलिंग टीम के जरिए निगरानी।

पुलिस की आम जनता और अभिभावकों से अपील

आरंग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को गाड़ियां न सौंपें और स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें। यदि कोई मुख्य मार्ग या आउटर में स्टंटबाजी करता या शांति भंग करता दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!