मंदिरहसौद में हाल ही में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-17 शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता के ट्रायल्स में आरंग के खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल-कौशल से सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल (आरंग) के प्रतिभावान खिलाड़ी लक्ष्य चेलक और मान साहू का चयन आगामी संभाग स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हुआ है।दोनों उदीयमान खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि से स्कूल प्रबंधन और स्थानीय खेल प्रेमियों में हर्ष की लहर है।खिलाड़ियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल के प्राचार्य श्री हरेश कुमार दास ने मान साहू और लक्ष्य चेलक को बधाई दी व उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा: “हमारे विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद को भी समान महत्व दिया जाता है। छात्रों की बहुमुखी प्रतिभा को निखारने के लिए विद्यालय प्रशासन सदैव तत्पर रहता है। मान और लक्ष्य की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।”
विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और साथी विद्यार्थियों ने भी दोनों चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी तथा संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जीत हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।

