कैबिनेट मंत्री के प्रयासों से क्षेत्र के सुरक्षा तंत्र को मिली बड़ी मजबूती

उप निरीक्षक, एएसआई, प्रधान आरक्षक और आरक्षकों की होगी तैनाती

मंत्री खुशवंत साहेब ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा का जताया आभार

आरंग विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ी सफलता मिली है। क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के विशेष एवं निरंतर प्रयासों से ग्राम भैंसा में नवीन पुलिस चौकी की स्थापना को शासन द्वारा आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इसके साथ ही चौकी के सुचारू संचालन के लिए 13 नए पुलिस पदों का भी सृजन किया गया है।

13 पदों की प्रशासनिक स्वीकृति

गृह (पुलिस) विभाग एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी स्वीकृति आदेश के अनुसार, भैंसा पुलिस चौकी के प्रभावी संचालन हेतु स्वीकृत 13 पदों में शामिल हैं:

  उप निरीक्षक (Sub-Inspector): 01

  सहायक उप निरीक्षक (ASI): 01

  प्रधान आरक्षक (Head Constable): 03

 आरक्षक (Constable): 08

ग्रामीणों को मिलेगी त्वरित राहत और सुरक्षा का विश्वास

भैंसा में पुलिस चौकी खुलने से न केवल भैंसा, बल्कि आसपास के दर्जनों ग्रामीण अंचलों में पुलिस की पहुंच और प्रतिक्रिया समय (Response Time) में अभूतपूर्व सुधार होगा। स्थानीय स्तर पर पुलिस बल की मौजूदगी से आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और आम जनता तथा पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा।

जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: गुरु खुशवंत साहेब

इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा, “क्षेत्र की जनता को भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भैंसा में पुलिस चौकी की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत होगा।”

मंत्री साहेब ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री व गृह मंत्री विजय शर्मा का विशेष आभार व्यक्त किया।

विकास और सुरक्षा का नया अध्याय

आरंग विधानसभा क्षेत्र में अधोसंरचना, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ-साथ अब सुरक्षा व्यवस्था को भी नए आयाम मिल रहे हैं। भैंसा में नवीन पुलिस चौकी की स्वीकृति को क्षेत्रवासी विकास और सुरक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!