आरंग: पद की गरिमा और बच्चों के प्रति अपनापन जब एक साथ मिलते हैं, तो बदलाव की सुंदर तस्वीर बनती है। कुछ ऐसा ही नजारा शासकीय प्राथमिक शाला रविदास नगर में देखने को मिला, जहां आरंग के विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) दिनेश शर्मा ने अपना जन्मदिन किसी भव्य आयोजन के बजाय स्कूली बच्चों के बीच सादगी और आत्मीयता से मनाया। रायपुर जिला कलेक्टर की नवाचारी पहल ‘आओ खुशियां बांटें’ से प्रेरणा लेते हुए BEO शर्मा ने विद्यालय में विशेष ‘न्योता भोज’ का आयोजन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों से घुलमिलकर बातचीत की और उनकी पसंद जानते हुए अपने हाथों से खीर, पूड़ी, केला, बिस्किट और चॉकलेट परोसी। अधिकारी के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार से बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे परिसर में ‘थैंक यू’ की गूंज सुनाई दी।
जन्मदिन की खुशियों को दोगुना करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया और उन्हें पढ़ाई की सामग्री (कॉपी-पेन) भेंट की। इस दौरान शिक्षकों को प्रेरित करते हुए BEO दिनेश शर्मा ने कहा कि “ये बच्चे ही हम सबकी पहचान और देश का वास्तविक भविष्य हैं। इनकी बेहतर शिक्षा और सर्वांगीण विकास ही हमारी सबसे पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।”
इस आत्मीय आयोजन में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लाखेश्वर रात्रे, विकासखंड स्रोत समन्वयक सुरेंद्र सिंह चंद्रसेन, संकुल समन्वयक प्रहलाद शर्मा, मनोज मुछावर, पोखन साहू, प्रफुल्ल मांझी, विक्की करमेले, योगेश्वर साहू, नोहर बांधे सहित शालेय परिवार से लता ध्रुव, मनहरण ध्रुव, यशवंत साहू और भूपेंद्र साहू विशेष रूप से मौजूद रहे।

