आरंग: आरंग विकासखण्ड के अंतर्गत आने वाले शासकीय प्राथमिक शाला कुरुद को लेकर पिछले दिनों एक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर पर विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) दिनेश शर्मा ने त्वरित संज्ञान लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बीईओ ने संकुल प्राचार्य के माध्यम से जमीनी तथ्यों का विस्तृत परीक्षण करवाया, जिसके बाद भ्रामक खबरों का खंडन करते हुए वस्तुस्थिति स्पष्ट की है। शिक्षा अधिकारी ने जोर देकर कहा है कि विभाग बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और उनकी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है और स्कूल में सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हैं।

एक ही परिसर में संचालित हैं तीनों स्कूल
शिक्षा विभाग द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कुरुद परिसर में प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एक ही परिसर में संचालित हैं। इन तीनों विद्यालयों के मर्ज होने के कारण यह एक एकीकृत परिसर के रूप में कार्य करता है, जहां परिसर में उपलब्ध सभी संसाधनों और सुविधाओं का उपयोग सभी छात्र समान रूप से और सौहार्दपूर्ण वातावरण में करते हैं।
परिसर में 17 शौचालय क्रियाशील, मरम्मत कार्य भी पूर्ण
समाचार पत्र में शौचालय व्यवस्था को लेकर उठाए गए सवालों पर सफाई देते हुए विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा ने बताया कि पहली से बारहवीं तक के इस विशाल परिसर में पर्याप्त संख्या में क्रियाशील शौचालय उपलब्ध हैं। वर्तमान में प्राथमिक शाला के निकट 4, पूर्व माध्यमिक शाला के पास 7 और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के निकट 6 क्रियाशील शौचालय पूरी तरह उपयोग में हैं। प्राथमिक शाला के 4 शौचालयों में मामूली मरम्मत कार्य की आवश्यकता थी, जिसे 5 जुलाई 2026 तक पूरी तरह से पूर्ण कर लिया गया है। वर्तमान में विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है।
सामूहिक गतिविधि की फोटो को गलत संदर्भ में छापा गया
अखबार में छपी तस्वीर के संदर्भ में स्थिति स्पष्ट करते हुए बीईओ ने बताया कि प्राथमिक शाला कुरुद में कुल दर्ज छात्र संख्या 55 है और बरामदे सहित 3 अध्यापन कक्ष उपलब्ध हैं। किसी सामूहिक गतिविधि या विशेष आयोजन के दौरान शिक्षकों द्वारा बच्चों को एक साथ बरामदे में बिठाया गया था, जिसकी तस्वीर को समाचार पत्र में गलत संदर्भ में प्रकाशित किया गया। स्कूल परिसर में छात्रों के सुरक्षित ढंग से बैठने के लिए पर्याप्त मात्रा में कक्ष मौजूद हैं।
शिक्षिकाएं दे रही हैं सेवाएं, सीपेज का होगा त्वरित सुधार
अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि कक्षा पहली से बारहवीं तक के इस पूरे परिसर में प्राचार्य सहित छह महिला शिक्षिकाएं पूरी निष्ठा से अपनी सेवाएं दे रही हैं, जिससे शाला का शैक्षणिक वातावरण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत है। जहाँ तक एक कक्ष में पानी सीपेज की बात है, तो उसे भी चिह्नित कर लिया गया है और जल्द ही मरम्मत कराकर ठीक कर दिया जाएगा। वैकल्पिक तौर पर बच्चों के लिए अन्य कक्षों में सुरक्षित बैठक व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है।
विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी आरंग, दिनेश शर्मा ने अंत में कहा कि शासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप शाला प्रबंधन और बच्चों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। भ्रामक खबरों से परे, कुरुद स्कूल में शैक्षणिक माहौल पूरी तरह सुरक्षित और सुव्यवस्थित है।

