आरंग: बद्रीप्रसाद लोधी शासकीय महाविद्यालय आरंग में विभिन्न अनियमितताओं और सेमेस्टर प्रवेश में आ रही समस्याओं को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। NSUI रायपुर ग्रामीण के उपाध्यक्ष आलोक शर्मा और जिला महासचिव लक्की कोसले के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और विश्वविद्यालय के कुलपति के नाम प्राचार्य को एक ज्ञापन सौंपा।
NSUI पदाधिकारियों ने बताया कि महाविद्यालय में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे अध्ययनरत छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने जल्द से जल्द व्यवस्थाओं में सुधार न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से उठाई गईं 6 सूत्रीय मांगें:
सेमेस्टर परीक्षा में प्रवेश: छात्रों को सेमेस्टर परीक्षा में बिना किसी अड़चन के शीघ्र प्रवेश दिया जाए।
निःशुल्क वाई-फाई सेवा: परिसर में छात्रों की पढ़ाई और डिजिटल आवश्यकताओं के लिए नियमित वाई-फाई चालू किया जाए।
कैंटीन की शुरुआत: महाविद्यालय में काफी समय से बंद पड़ी कैंटीन की सुविधा तुरंत प्रारंभ हो।
लाइब्रेरी में पुस्तकों की व्यवस्था: पुस्तकालय में नवीन पाठ्यक्रम के अनुसार पर्याप्त पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
सायकल स्टैंड का निर्माण: वाहनों की सुरक्षा के लिए व्यवस्थित सायकल व बाइक स्टैंड बनाया जाए।
साफ-सफाई की व्यवस्था: कॉलेज परिसर, कक्षाओं और शौचालय में नियमित सफाई कराई जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान NSUI के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

