रायपुर:  छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। शहर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रोफेसर कॉलोनी में शनिवार को सोलर पैनल लगाने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ काम कर रहे दो युवा सोलर टेक्नीशियनों की हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

काम के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने का काम चल रहा था। इस काम के लिए तीन मजदूर/टेक्नीशियन छत पर पहुँचे हुए थे। दोपहर के वक्त जब वे पैनल को व्यवस्थित कर रहे थे, तभी छत के बेहद करीब से गुजर रही हाईटेंशन (HT) लाइन की ओर उनका ध्यान नहीं गया।

काम के दौरान अचानक दोनों टेक्नीशियन हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गए। करंट इतना जोरदार था कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (उम्र 25 वर्ष) और आशीष चंद्राकर (उम्र 19 वर्ष) के रूप में हुई है।

बड़ी लापरवाही या अनहोनी..?

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छत के पास से गुजरने वाली हाईटेंशन लाइन हमेशा से एक बड़ा खतरा बनी हुई थी। सोलर पैनल फिटिंग के दौरान जरा सी चूक या दूरी का अंदाजा न मिल पाने के कारण यह भीषण हादसा हो गया।

मौके पर पहुँची पुलिस, जाँच शुरू

घटना की भयावहता को देखकर आसपास के लोग सहम गए और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस की टीम दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुँची।

पुलिस ने बिजली विभाग की मदद से तुरंत लाइन को बंद करवाया और दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!