आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बरछा में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने पुरैन तालाब में एक व्यक्ति की लाश तैरती हुई देखी। मृतक की पहचान कोयल ध्रुव (43 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम बरछा का ही निवासी था। वह पेशे से मजदूर था और कल शाम से घर से निकला हुआ था।
शव देखते ही दहशत में आई महिलाएं
मिली जानकारी के अनुसार, रोजाना की तरह आज सुबह गांव की कुछ महिलाएं पुरैन तालाब में नहाने गई थीं। तभी उनकी नजर पानी के ऊपर तैरते हुए एक सिर पर पड़ी। तालाब में शव को देखते ही महिलाएं बुरी तरह घबरा गईं और शोर मचाने लगीं। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में तालाब के पास इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना तुरंत आरंग पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही आरंग पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को सूचित किया गया। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
गरीबी और परिवार की चिंता
मृतक कोयल ध्रुव के बारे में बताया जा रहा है कि वह अत्यंत गरीब परिवार से था। वह मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में कुल छह बेटियां हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। घर में अब चार कुंवारी बेटियों और पत्नी की जिम्मेदारी थी। पिता की अचानक मौत से अब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनके भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। कोयल ध्रुव ही घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था।
जांच में जुटी आरंग पुलिस
आरंग पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। कोयल ध्रुव तालाब में कैसे डूबा, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। क्या यह कोई दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई और वजह है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिसिया जांच के बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल, गांव में इस घटना को लेकर मातम और दहशत का माहौल है।

